LokSabha Election 2019: चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाई जाए : मेनका गांधी
सुलतानपुर में लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी ने गन्ना किसानों को संबोधित किया।
सुलतानपुर, जेएनएन। केंद्रीय महिला कल्याण एवं बाल विकास मंत्री मेनका गांधी न े सुलतानपुर में गन्ना किसानों से कहा कि चीनी मिल की पेराई क्षमता को बढाया जाएगा। साथ ही डिस्टलरी भी लगाई जाएगी। वहीं उन्होंने पीएम आवास नहीं मिलने की शिकायत पर एसडीएम से बात भी की।
मेनका गांधी के सुलतानपुर लोकसभा चुनाव के अभियान के दौरान गुरुवार को उन्होंने गन्ना किसानों को संबोधित किया। एक समय में किसानों को गन्ना बोने से तौबा करने की सलाह देने वाली मेनका गांधी ने गन्ना किसानों से मिलों की क्षमता बढाए जाने का आश्वासन दिया। बता दें कि सुलतानपुर की इकलौती गन्ना मिल की पेराई क्षमता महज़ 12 हज़ार टन है। 1984 के बाद क्षमता नहीं बढ़ाये जाने व मिल अक्सर खराब रहने से किसानों का गन्ना खेत में सूख जाता है।
मेनका गांधी ने पीएम आवास नहीं मिलने की शिकायत पर एसडीएम से बात भी की। गुरुवार को जनसंपर्क के दौरान मोतीगरपुर ब्लाक के मैरीसंग्राम गांव पहुंची। वहां की निशा देवी ने मेनका से पीएम आवास नहीं मिलने की समस्या से अवगत कराया था । इसके बाद उन्होंने SDM जयसिंहपुर से फोन पर बात की।
बता दें, मेनका गांधी सुल्तानपुर से लोकसभा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए 30 मार्च से सुल्तानपुर के दौरे पर हैं। जिले के सभी 229 सेक्टरों में अलग-अलग दिनों के अंतराल पर कार्यकर्ताओं व लोगों से मिल रही हैं।