LokSabha Elections 2019 : डुमरियागंज में इवीएम बदलने का आरोप, धरने पर बैठे सपा-बसपा कार्यकर्ता
डुमरियागंज के बसपा प्रत्याशी आफताब आलम द्वारा डुमरियागंज लोक सभा में मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में ईवीएम बदलने का आरोप लगाने के बाद सपा और बसपा के कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए हैं।
गोरखपुर/सिद्धार्थनगर, जेएनएन। डुमरियागंज के बसपा प्रत्याशी आफताब आलम द्वारा डुमरियागंज लोक सभा में मंडी समिति के स्ट्रांग रूम में ईवीएम बदलने का आरोप लगाने के बाद सपा और बसपा के कार्यकर्ता धरना पर बैठ गए। आफताब आलम का कहना है कि जब स्ट्रांग रूम सील किया जा चुका है तो प्रशासन किसकी अनुमति से ईवीएम इधर से उधर कर रहा है। डीएम कुणाल सिल्कू ने कहा कि कुछ बचे हुए ईवीएम देवरिया के लिए भेजे जाने थे। कोई गड़बड़ी नहीं की गई है।
जनपद मुख्यालय के नवीन मंडी में बने स्ट्रांग रूम से दो गाड़ियों में भर कर ईवीएम को निकालने की कोशिश का आरोप है। बिना नंबर प्लेट की गाड़ियां पहुंची थीं। स्थानीय लोगों और बसपा कार्यकर्ताओं ने ईवीएम से लदी गाड़ी को गेट पर रोका दिया और धरने पर बैठ गए।
गठबंधन कार्यकर्ताओ का आरोप है कि प्रशासन ईवीएम बदलकर चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जिताने की कोशिश में लगा है। कार्यकर्ताओं ने डीएम और कप्तान को भाजपा का एजेंट के रूप में काम करने का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस अधीक्षक डॉ धर्मवीर सिंह का कहना है कि स्ट्रांग रूम से कोई छेड़छाड़ नहीं कर सकता। सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थक भी मौके पर पहुंचे
ईवीएम बदले जाने की बात सुनकर कांग्रेस प्रत्याशी डॉ चन्देश उपाध्याय के समर्थक भी मौके पर पहुंच गए हैं। मौके पर कई थानों की पुलिस भी पहुंच गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप