Loksabha Election 2019 : वरुण गांधी बोले- मेरे परिवार के लोग भी PM रहे, देश को सम्मान PM मोदी ने दिलाया
भाजपा सांसद वरुण गांधी ने कहा मेरे परिवार में भी लोग प्रधानमंत्री रहे हैं लेकिन जो सम्मान नरेंद्र मोदी ने देश को दिलाया है वो बहुत लंबे समय से किसी ने देश को नहीं दिलाया।
पीलीभीत, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के युवा सांसद वरुण गांधी के तेवर भी बिल्कुल जुदा रहते हैं। 39 वर्षीय वरुण गांधी सुल्तानपुर से सांसद हैं, इस बार भाजपा ने उनको पुरानी सीट पीलीभीत से मैदान में उतारा है। अपने प्रचार अभियान में लगे वरुण गांधी ने कल रात बड़ी बात कह दी। वरुण गांधी ने कहा कि मेरे परिवार के लोग भी देश के पीएम रहे हैं, लेकिन देश को वास्तविक सम्मान पीएम नरेंद्र मोदी ने दिलाया है।
पीलीभीत में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए वरुण ने कहा कि मेरे परिवार में भी कुछ लोग प्रधानमंत्री रहे हैं लेकिन जो सम्मान नरेंद्र मोदी ने देश को दिलाया है, वो बहुत लंबे समय से किसी ने देश को नहीं दिलाया। सुल्तानपुर सांसद और पीलीभीत से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की। वरुण गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के तारीफों के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि वो आदमी केवल देश के लिए जी रहा है और वो मरेगा भी देश के लिए, उसको केवल देश की चिंता है।
भाजपा प्रत्याशी वरुण गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा को जिताने का संकल्प लें। उन्होंने यहां पर मुस्लिम और एससी-एसटी मतदाताओं से भी भाजपा को वोट देने का आह्वान किया। वरुण गांधी ने कहा कि जनता के प्यार से ही वह पीलीभीत से 2009 में पहली बार सांसद बन कर दिल्ली पहुंचे थे। अब वह फिर से आपके बीच आपका प्यार पाने के लिए आए हैं। उन्होंने कहा कि वह और उनकी मां मेनका गांधी क्षेत्र के लोगों को अपने परिवार की तरह मानती हैं। पीलीभीत की जनता के आशीर्वाद से ही वह और उनकी मां 30 वर्ष से सेवा करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह मुसलमानों के दुश्मन नहीं हैं और न ही उनकी पार्टी मुस्लिम विरोधी है।
2014 लोकसभा चुनाव में सुल्तानपुर सीट से जीत दर्ज करने वाले वरुण गांधी को पार्टी ने इस बार पीलीभीत से टिकट दिया है। वरुण की मां और केंद्रीय मंत्री पीलीभीत की बजाय सुल्तानपुर से चुनाव मैदान में हैं।
सपा-बसपा पर जमकर बरसे वरुण गांधी
भाजपा सांसद वरुण गांधी पूरनपुर विधानसभा क्षेत्र के गांव में आयोजित चुनावी सभा में सपा-बसपा गठबंधन पर जमकर बरसे। उन्होंने मुलायम सिंह यादव और मायावती पर निशाना साधा। वरुण ने कहा कि इस बार लोग कह रहे हैं कि बसपा-सपा एक हो गए। ऊपर से एक हो गए, नीचे से एक नहीं हैं। नीचे से सब एक-दूसरे नाराज हैं। एक हो भी गए तो कौन से खेत की मूली हैं। उन्होंने कहा कि मायावती ने क्या किया पूरे जीवन में टिकट ही तो बेचे। खुलेआम टिकट बेचे। ऐसे लोगों को जिताना चाहते हो।
सपा सरंक्षक मुलायम सिंह यादव पर निशाना साधते हुए वरुण कहा कि जितने पाप मुलायम सिंह यादव ने रामभक्तों पर गोलियां चलवा कर किए हैं, उनके जीवन के अंत में क्या हुआ। उनके अपने ही बेटे ने धक्का मारकर रोड पर निकाल दिया। यह कितने शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान की लाठी में दम तो होता है अगर पाप करोगे तो एक न एक दिन यह सब वापस आएगा। अगर मेरी मां ने पूरे जीवन में पुण्य नहीं किया होता, भला नहीं किया होता तो मैं यहां आपके सामने खड़ा नहीं होता। वरुण गांधी ने कहा कि भाजपा ने केवल एक परिवार में दो टिकट दिए हैं पूरे देश में और कोई दूसरा परिवार नहीं है, मांगने वाले दस बीस थे। यह मेरी मां का आशीर्वाद है।