Priyanka in barabanki : प्रियंका वाड्रा ने कहा-कर्ज में डूबे किसान, उपज का नहीं मिल रहा उचित मूल्य
प्रियंका वाड्रा उन्नाव में कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में रोड शो में शामिल होने के बाद बाराबंकी में जनसभा को संबोधित किया।
बाराबंकी, जेएनएन। फतेहपुर क्षेत्र के इसरौली में कांग्रेस प्रत्याशी तनुज पुनिया के समर्थन में आयोजित सभा मे कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने कहा कि देश का किसान कर्ज में डूबा हुआ है और उसे उपज का उचित मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। फसल बर्बाद होने पर मुआवजा भी नहीं मिल पा रहा है। बीमा का पैसा उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। उन्होंने कर्ज माफी, किसानों की आर्थिक बदहाली सहित रोजगार से जुड़े मुद्दों पर किसानों और युवाओं की दुखती रग पर हाथ रखा। विकास, जीएसटी और उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने जैसे मुद्दों पर प्रधानमंत्री मोदी पर भी तंज कसा।
करीब साढ़े तीन बजे इसरौली पहुंचीं प्रियंका ने भाषण की शुरुआत जिले के बोर्ड परीक्षा टॉपर शिवम और तनुजा को सफलता की बधाई देकर की। इसके बाद वह सीधे किसानों से मुखातिब होते हुए कहा कि पिछले दो माह से प्रदेश का दौरा कर रही हूं लेकिन हर जिले में किसानों की हालत बदहाल ही दिखी है। किसानों से फसल बीमा का पैसा तो लिया जाता है लेकिन फसल नष्ट होने पर उन्हें मुआवजा नहीं मिलता। सरकार की शह पर बीमा का पैसा दो- तीन उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। जबकि, आम किसान का दिन बेसहारा जानवरों से अपनी फसलों को बचाने में बीत रहा है।
मेंथा पर लगने वाले टैक्सों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इससे किसानों को उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने अमेठी में बनने वाले स्पाइस पार्क और फूड पार्क का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार इसके निर्माण में रोड़े अटका रही है। इसके निर्माण से जिले के किसानों को भी फायदा पहुंचता।
मनरेगा को कर दिया दुर्बल
युवाओं को रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि नौजवान बेरोजगार घूम रहे हैं। मनरेगा को दुर्बल कर दिया गया है। मनरेगा के काम जेसीबी और ठेकेदारों से कराए जा रहे हैं। गांवों का मजदूर बेरोजगार हो गया है। मोदी के पांच साल के कार्यकाल में दो करोड़ रोजगार का दावा झूठा निकला जबकि हकीकत यह है कि हर साल 50 लाख रोजगार कम हो गए। मोदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह कभी अभिनेता के साथ तो कभी गंगातट, उद्योगपतियों और राजनेताओं के साथ तो अक्सर दिखते हैं लेकिन उनके पास किसानों और गरीबों से मिलने का समय नही है। विकास के नाम पर उन्होंने सिर्फ जनता को छला है।
प्रधानमंत्री के क्षेत्र में भी कांग्रेस सरकारों के कार्यों को अपना बता कर श्रेय लूटा जा रहा है। कहा, जीएसटी ने छोटे व्यापारियों और उद्योगों को बर्बाद कर दिया। नोटबंदी में भी काला धन वापस नही आया लेकिन आम आदमी को दिक्कतें जरूर उठानी पड़ीं।
कांग्रेस की घोषणाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि हम किसानों को 72 हजार रुपये हरसाल देने के साथ ही उन्हें न्याय योजना, कर्जमाफी, अलग किसान बजट सहित मनरेगा में 150 दिनों का रोजगार देने का कार्य करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों और भावी योजनाओं से लोगों को विस्तार से अवगत कराया।
'देश की खुशहाली के लिए दुआ मांगने आई हूं'
जनसभा के बाद कारवां सूफी संत हाजी वारिस अली शाह की सरजमीं देवा कस्बा पहुंचा। रास्ते में बिलौली, सलारपुर आदि स्थानों पर कार्यकर्ता कांग्रेस का बैनर लिये प्रियंका दीदी आईं हैं, तनुज पुनिया को जिताना है, कांग्रेस की सरकार बनाना है। जो रब है वही राम का संदेश देकर देश दुनिया में कौमी एकता की अलख जगाने वाले सूफी संत हाजी वारिस अली की मजार पर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका वाड्रा ने चादर चढ़ाकर पार्टी की लोकसभा चुनाव में जीत की दुआ की। इस दौरान कुछ भी बयान देने से यह कहकर मना किया कि यह धार्मिक स्थल है। देश की खुशहाली के लिए वारिस पाक से दुआ मांगने आई हूं। मजार वाले रास्ते पर प्रियंका पर खूब फूल बरसाए गए। छपरा चौराहा पर प्रियंका ने नुक्कड़ सभा की।