Move to Jagran APP

Loksabha Election 2019 : यूपी में आज 1.78 करोड़ वोटर करेंगे 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

यूपी में लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण की 10 सीटों के लिए मतदान मंगलवार को होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Mon, 22 Apr 2019 09:17 PM (IST)Updated: Tue, 23 Apr 2019 12:04 AM (IST)
Loksabha Election 2019 : यूपी में आज 1.78 करोड़ वोटर करेंगे 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
Loksabha Election 2019 : यूपी में आज 1.78 करोड़ वोटर करेंगे 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव में तीसरे चरण की 10 सीटों के लिए मतदान मंगलवार को होगा। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक चलेगा। 10 सीटों पर 1.78 करोड़ मतदाता 120 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। इसमें 14 महिला प्रत्याशी भी शामिल हैं। तीसरे चरण का चुनाव मुरादाबाद, रामपुर, संभल, फीरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला, बरेली और पीलीभीत में हो रहा है।

loksabha election banner

तीसरे चरण में कई सियासी दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर है। मैनपुरी में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव चुनाव मैदान में हैं। रामपुर में पूर्व मंत्री आजम खां व पूर्व सांसद जयाप्रदा के बीच मुकाबला है। पीलीभीत में सांसद वरुण गांधी एवं बरेली में केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं फीरोजाबाद सीट पर चाचा व भतीजे के बीच सियासी मुकाबला होगा। गठबंधन प्रत्याशी व सांसद अक्षय यादव का मुकाबला प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव से है।

इस चरण में सबसे ज्यादा 16 प्रत्याशी बरेली लोकसभा सीट से हैं, जबकि सबसे कम छह प्रत्याशी फीरोजाबाद सीट से हैं। सबसे ज्यादा 19.56 लाख मतदाता मुरादाबाद व सबसे कम 16.17 लाख मतदाता एटा में हैं।

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. ब्रह्म देव राम तिवारी ने बताया कि तीसरे चरण का चुनाव शांतिपूर्ण व निष्पक्ष हो इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। श्रीलंका में हुई आतंकी घटना के बाद से चुनाव में और सुरक्षा बढ़ाई गई है। उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में वोट डालने की अपील की।

4515 पोलिंग बूथ क्रिटिकल

अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 4515 पोलिंग बूथ क्रिटिकल हैं। इसमें सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। मतदान स्थल पर 1989 डिजिटल कैमरे व 1255 वीडियो कैमरे लगाए गए हैं। 2162 मतदान केंद्रों की वेब कास्टिंग होगी। इस बार 1744 माइक्रो ऑब्जर्वर, 1610 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 186 जोनल मजिस्ट्रेट व 358 स्टैटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही 10 सामान्य प्रेक्षक, पांच पुलिस प्रेक्षक, 10 व्यय प्रेक्षक और 47 सहायक व्यय प्रेक्षक लगाए गए हैं। मतदान के लिए 88681 कर्मचारी ड्यूटी पर होंगे।

संवेदनशील बूथों पर रहेगी सीधी नजर

दो चरणों के चुनाव के अनुभवों से सीख लेकर पुलिस अब तीसरे चरण के मतदान में सभी संवेदनशील बूथों पर सीधी नजर रखेगी। कहीं पर भी गड़बड़ी होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को कंट्रोल रूम से इसकी सूचना मिल जाएगी। डीजीपी ने कंट्रोल रूम में आने वाली सभी सूचनाओं को पूरी गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। आइजी कानून-व्यवस्था प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि तीसरे चरण के चुनाव के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त सुरक्षा घेरा होगा।

किस सीट पर कितने प्रत्याशी मैदान में

तीसरे चरण की 10 लोकसभा सीटों में मुरादाबाद में 13 प्रत्याशी, रामपुर में 11, संभल में 12, फीरोजाबाद में छह, मैनपुरी में 12, एटा में 14, बदायूं में नौ, आंवला में 14, बरेली में 16 और पीलीभीत में 13 प्रत्याशी मैदान में हैं।

तीसरे चरण का चुनाव एक नजर

कुल मतदाता                      1,78,10,946

पुरुष मतदाता                      96,20,644

महिला मतदाता                   81,89,378

ट्रांस जेंडर मतदाता                924

सर्वाधिक मतदाता मुरादाबाद   19,56,174

सबसे कम मतदाता एटा         16,17,962

पोलिंग सेंटर                        12,128

पोलिंग बूथ                          20,120


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.