Move to Jagran APP

PM Modi in Bahraich : पीएम मोदी बोले- यूपी में SP-BSP की दोस्ती की 23 को एक्सपायरी डेट

पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि भारत महाशक्ति बने दुनिया भारत का दम देखे लेकिन यह काम कोई कमजोर ढीली-ढाली मजबूर सरकार कर सकती है क्या।

By Dharmendra PandeyEdited By: Published: Tue, 30 Apr 2019 12:25 PM (IST)Updated: Tue, 30 Apr 2019 05:10 PM (IST)
PM Modi in Bahraich : पीएम मोदी बोले- यूपी में SP-BSP की दोस्ती की 23 को एक्सपायरी डेट
PM Modi in Bahraich : पीएम मोदी बोले- यूपी में SP-BSP की दोस्ती की 23 को एक्सपायरी डेट

बहराइच, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में पांचवें चरण के मतदान की तैयारी को लेकर भाजपा बेहद गंभीर है। बहराइच शहर से तीन किमी दूर फत्तेपुरवा महाराजा सुहेलदेव स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित करने पहुंचे। सांसद सावित्री बाई फुले के पाला बदलने के बाद भाजपा ने बहराइच से बलहा विधायक अक्षयवर लाल गोंड को खड़ा किया है।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उनकी मंत्री अनुपमा जायसवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी का बहराइच में स्वागत किया। प्रधानमंत्री बहराइच से पहले बिहार के मुजफ्फरपुर में थे। पीएम मोदी ने कहा महाराजा सुहेल देव की इस धरती को मैं नमन करता हूं। इतनी गर्मी में आपका हम सभी को आशीर्वाद देने पहुंचना किसी सौभाग्य से कम नहीं है। इस गर्मी में असली पसीना उनका छूट रहा है जो मोदी हटाओ- मोदी हटाओ के गीत गुनगुनाते रहते हैं।

पीएम नरेंद्र मोदी ने बहराइच में सपा-बसपा-रालोद गठबंधन की चुटकी भी ली। उन्होंने कहा कि 23 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद यह एक-दूसरे के कपड़े फाड़ेंगे। इनकी दोस्ती की एक्सपायरी डेट 23 मई ही है।सपा-बसपा या कांग्रेस जमानत बचाने के लिए लड़ रहे हैं। सपा और बसपा आज सुपड़ा साफ होने के डर से भले ही साथ आ गए हो। उन्होंने कहा कि यह तो स्वार्थ का साथ है, ऐसे ही साथ के लिए ही रहीम दास जी कह गए हैं कह रहीम कैसे निभै, बेर-केर के संग! कह रहीम कैसे निभै, बेर-केर के संग! कुछ हफ्तों का ही साथ है। 23 तारीख इनकी एक्सपाईरी डेट पक्की है। रिजल्ट आते ही एक दूसरे के कपड़े फाड़ देंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि हमारे आसपास आतंक की नर्सरी चल रही है, जिसे सिर्फ मजबूत सरकार ही उखाड़ फेंक सकती है। उन्होंने लोगों से सवाल पूछा कि क्या आतंक की नर्सरी सपा-बसपा गठबंधन वाले बंद करा सकते हैं क्या? कांग्रेस वाले रोक सकते हैं क्या? जो अफ्स्पा कानून हटाने की बात करते हैं वह आतंकवाद हटाएंगे क्या? उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हो या फिर एयर स्ट्राइक। 130 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए हम कहीं पर भी घुसकर मार सकते हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थलों पर धमाके बंद हुए हैं। कांग्रेस व अन्य दल आतंकी गोलों में भगवा ढूंढने की कोशिश करते हैं। इनके कार्यकाल में स्लीपर सेल फले-फूले हैं। 

उन्होंने मंच पर पहुंचते ही सब लोगन का राम-राम, सबजने भले हो से भाषण की शुरूआत की। महाराजा सुहेलदेव की धरती को नमन किया। इसके बाद बहराइच, गोंडा, कैसरगंज व श्रावस्ती के मतदाताओं का अभिवादन किया। उन्होंने कहा कि इतनी गर्मी में आप लोग हम सभी को आशीर्वाद देने आए, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि असली पसीना उन लोगों को छूट रहा है जो मोदी हटाओ के गीत गुनगुना रहे हैं। भारत महाशक्ति बने इस पर आप सभी को गर्व होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश को नई ऊंचाई पर पहुंचाने के लिए सरकार मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने विपक्षियों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस व महान मिलावटी लोग देश में मजबूत सरकार नहीं दे सकते। चार चरणों के चुनाव के बाद विपक्षियों का हौसला पस्त है। खिचड़ी सरकार देश को मजबूत नहीं कर सकती है।

पीएम के लगभग 35 मिनट के भाषण में विपक्ष निशाने पर रहा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सामाजिक सुरक्षा देने में जुटी है। सबको सुरक्षा, सबको सम्मान दिलाना हमारा उद्देश्य है। उन्होंने वायदा किया कि 2022 तक किसी भी जाति व संप्रदाय का हो, कोई भी गरीब बिना पक्के घर के नहीं रहेगा। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना से गरीबों का मुफ्त इलाज के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में भाजपा की सरकार नहीं थी तो देश की बड़ी आबादी में न उनके घर में बिजली, गैस, शौचालय व बैंक खाते नहीं थे। बैंकों से ऋण लेना मुश्किल था। उन्होंने कहा कि 34 हजार करोड़ से अधिक जन-धन खाते खोलवाकर मुद्रा योजना के तहत गरीबों को रोजगार के लिए तिजोरी खोल दी गई है। इंडिया पोस्ट पेमेंट के तहत हर दरवाजे तक बैंक पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि सभी दलों ने उप्र के साथ भेदभाव किया है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास पर कार्य कर रही है। किसानों की आय वर्ष 2022 तक दोगुनी हो, इसके लिए हर स्तर पर काम किया जा रहा है। पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ पांच एकड़ से कम जमीन वाले किसानों को दिया जा रहा है। भाजपा सरकार बनने पर पांच एकड़ का नियम हटा दिया जाएगा। इसका लाभ सभी किसानों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक हो या एयर स्ट्राइक हो। हम कहीं पर भी घुस कर मार सकते हैं। इससे सुरक्षा बढ़ेगी, हम किसी के दबाव में नहीं आएंगे। मंदिरों में, बजारों पर रेलवे स्टेशन पर बम धमाके नहीं सुनाई पड़ते हैं। यह सिर्फ मोदी के डर से बंद हुए हैं। खतरा सिर्फ टला है अभी। हमारे आसपास आंतकी नर्सरी चल रही है। क्या सपा या बसपा उसे रोक सकती है। कांग्रेस इसे बंद कर सकती है क्या। इनके राज में आंतकी स्लीपर सेल फले-फूले हैं। इस बार कमल पर पड़ा आपका वोट, राष्ट्र रक्षा के लिए होगा। गर्मी कितनी भी हो ज्यादा से ज्यादा वोट करांगे। मजबूत सरकार बनांएगे।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार देश के हर वर्ग के लोगों के हितों का ख्याल रखती है। दिव्यांगों के लिए आरक्षण में वृद्धि की गई। दफ्तरों में उनके लिए विशेष व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि सुशासन का यही रास्ता महाराजा सुहेलदेव ने दिया था। उन्होंने मतदाताओं से कहा कि राष्ट्र रक्षा के लिए अपना वोट जरूर डालें। रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह, श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्र, गोंडा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, बहराइच भाजपा प्रत्याशी अक्षयवर लाल गोंड, बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री अनुपमा जाय सवाल ,विधायक सुभाष त्रिपाठी, माधुरी वर्मा , सुरेश्वर सिंह भाजपा जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकड़ीवाल समेत देवीपाटन मंडल के भाजपा विधायक व जिलाध्यक्षों ने संबोधित किया। संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष  सुरेश तिवारी ने किया।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा- देश में पैैदा हो गया सुरक्षा का भाव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ ही उनकी मंत्री अनुपमा जायसवाल ने पीएम नरेंद्र मोदी का बहराइच में स्वागत किया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा सरकार में एक तरफ गरीबों को मकान, शौचालय और बिजली मिल रही है तो दूसरी तरफ देश के अंदर सुरक्षा का भाव पैदा किया जा रहा है। हर स्तर पर विकास करने पर बल दिया जा रहा है। इससे पहले उत्तर प्रदेश में बिजली नहीं आती थी, बिजली आती भी थी तो देने में भी भेदभाव करते थे। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारी सरकार में बिना भेदभाव सभी को बिजली दी जा रही है। साथ ही अब बिजली सामान्य रूप से आ रही है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के लोग आतंकवादियों को बिरयानी खिलाते थे लेकिन आज आतंकवादियों को उनकी भाषा में जवाब दिया जा रहा है। कांग्रेस के समय आतंकवादियों से नरमी के साथ पेश हुआ जाता था सपा-बसपा काल में आतंकियों के नाम से मुकदमे वापस ले लिए जाते थे। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि याद कीजिए सपा-बसपा के कार्यकाल जब दुर्दांत अपराधी खुलेआम घूमते थे किसी का नाम बग्घा तो किसी का नाम लकड़बग्घा था लेकिन आज सब नहीं दिखते हैं, कई जेल चले गए तो कई राम नाम सत्य की यात्रा पर चले गए। सीएम योगी आदित्यनाथ से पहले मंत्री अनुपमा जायसवाल ने सभी को संबोधित किया और भाजपा प्रत्याशी अक्षयवर लाल गोंड को जीत दिलाने की अपील भी की।

पीएम मोदी को लेकर बहराइच का मिथक अहम

पीएम नरेंद्र मोदी को जन्म स्थान के लिहाज से अहमदाबादी कह सकता है तो कर्मस्थली से जोड़कर बनारसी, लेकिन उनके सियासी सफर में बहराइच आगमन का मिथक बहुत अहम है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी से लेकर प्रधानमंत्री बनने तक यहां उनकी सियासी पारी में अप्रत्याशित उछाल नजर आया है। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले नरेंद्र मोदी आठ नवंबर 2013 को तराई की लहलहाती जमीन पर मुरझाए कमल को तरोताजा करने के लिए आए थे। महाराजा सुहेलदेव रैली स्थल से ही उन्होंने अवध क्षेत्र में खोई जमीन को पाने के लिए कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया था। मोदी की यह जनसभा रंग भी लाई थी और पूरे अवध क्षेत्र के 16 लोकसभा सीटों में से रायबरेली को छोड़कर 15 पर भाजपा का कमल खिला था। 11 दिसंबर 2016 को विश्वरिया मैदान में आयोजित जनसभा में पीएम मोदी का हेलीकाप्टर नहीं उतर सका था तो उन्होंने मोबाइल फोन से लोगों को संबोधित किया था। मोदी की पिछली रैलियों से जुड़ी स्मृतियां आज भी लोगों के जेहन में ताजा हैं। इससे पूर्व पीएम मोदी वर्ष 2002 में संगठन प्रभारी के रूप में बहराइच आ चुके हैं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.