छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे की लखनऊ में तबीयत खराब, मेदांता ले जाने की तैयारी
छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे की तबीयत खराब हो गई है। उनको सीने में दर्द की शिकायत के बाद सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी जांच चल रही है।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस के प्रत्याशियों का चुनाव करने बाराबंकी तथा अमेठी पहुंचे छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे की तबीयत खराब हो गई है। उनको सीने में दर्द की शिकायत के बाद सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पर उनकी जांच चल रही है। उनको गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है। छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री रविद्र चौबे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के साथ अमेठी, रायबरेली व बाराबंकी में कांग्रेस के प्रत्याशियों के प्रचार में लगे हैं।
लखनऊ के होटल ताज में ठहरे मंत्री चौबे सुबह तैयार हो रहे थे, तभी सीने में दर्द की शिकायत हुई और चक्कर आ गया। इसके बाद उन्हें तुरंत सहारा अस्पताल ले जाया गया। उनके बीमार होने की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी लखनऊ पहुंच गए हैं। छत्तीसगढ़ के संसदीय कार्य मंत्री रविंद्र चौबे को शनिवार की सुबह सीने में दर्द की शिकायत के बाद लखनऊ के सहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां के डॉक्टरों की सलाह पर चौबे को मेदांता अस्पताल ले जाने की तैयारी है। इसके साथ ही रायपुर से उनके परिवार के लोगों को भी विशेष प्लेन से लखनऊ ले जाने की तैयारी चल रही है।
सहारा अस्पताल की एडमिनिस्ट्रेटर मिली तलवार ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्री रविन्द्र चौबे को हार्ट प्रोब्लम के चलते भर्ती कराया गया है, उनकी एमआई जांच हुई है, सीसीयू मे भर्ती हैं। डॉ बी के तिवारी के अंडर भर्ती हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल समेत कई मंत्री इस वक्त उत्तर प्रदेश में पार्टी का चुनाव प्रचार कर रहे हैं। चौबे का आज बाराबंकी और रायबरेली चुनावी कार्यक्रम था। छत्तीसगढ़ के साजा विधानसभा से विधायक रविंद्र चौबे कांग्रेस पार्टी में बेहद कद्दावर नेता माने जाते हैं। वे आठ बार विधानसभा का चुनाव जीत चुके हैं। फिलहाल वे कृषि मंत्री और संसदीय कार्य मत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।