Loksabha Election 2019 : लखनऊ में देर रात अमित शाह ने किया छठे और सातवें चरण की 27 सीटों पर मंथन
लखनऊ में कल रात्रि विश्राम से पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने छठे और सातवें चरण की 27 सीटों पर पार्टी की स्थिति और संभावनाओं पर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह आज चार लोकसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे। भाजपा अध्यक्ष कल देर रात भोपाल से लखनऊ पहुंचे।
लखनऊ में कल रात्रि विश्राम से पहले उन्होंने छठे और सातवें चरण की 27 सीटों पर पार्टी की स्थिति और संभावनाओं पर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। कल रात को वह लखनऊ आये। भाजपा मुख्यालय में पहुंचे शाह का प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल समेत कई नेताओं ने स्वागत किया।
उल्लेखनीय है कि अभी बीते शुक्रवार को शाह लखनऊ में केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के समर्थन में आयोजित सभा को संबोधित करने आये थे। तब भी वह रात को भाजपा मुख्यालय में रुके और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल से पांचवें चरण की सीटों को लेकर मंथन किया। उस दौरे में शाह ने फतेहपुर में केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के समर्थन में सभा और अमेठी में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के समर्थन में रोड शो किया था। इस बार भी उनका दौरा हर जगह की कांटे की टक्कर वाली सीटों पर हो रहा है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप