Loksabha Election 2019 : भाजपा सांसद राजवीर सिंह बोले- जेल जाने से बचने का फार्मूला है गठबंधन
सांसद राजवीर सिंह ने कल शाम चौथे चरण की वोटिंग के लिए प्रचार थमने से पहले अपनी रैली में महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि हाथी है या हथिनी यह मालूम नहीं पड़ता।
महोबा, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में चौथे चरण का मतदान कल यानी सोमवार को होगा। इस चरण में भी भाजपा का प्रयास अधिक से अधिक सीट जीतने का है। भाजपा सांसद राजवीर सिंह ने कल महोबा में जनसभा के दौरान कांग्रेस के साथ गठबंधन पर जमकर बरसे।
एटा से सांसद राजवीर सिंह ने कल शाम चौथे चरण की वोटिंग के लिए प्रचार थमने से पहले अपनी रैली में महागठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि हाथी है या हथिनी यह मालूम नहीं पड़ता। महोबा के चरखारी के विद्या मंदिर प्रांगण में राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के बेटे राजवीर सिंह ने भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र सिंह चंदेल के पक्ष में सभा की। उन्होंने गठबंधन को लेकर कहा कि क्या हाथी पर साइकिल चढ़ेगी या फिर साइकिल पर हाथी। हाथी है हथिनी यह पता ही नहीं चलता। यदि साइकिल पर हाथी चढ़ गया तो साइकिल दिखेगी नहीं मिट्टी हो जाएगी। गठबंधन का डर दिखा रहे जेल से बचने के लिए नेताओं ने गठबंधन कर लिया है। रणवीर सिंह ने गठबंधन पर वार करते हुए कहा कि इस बार यदि आपने गठबंधन को मार लिया तो 15- 20 वर्ष तक देश में चुनाव नहीं होंगे।
राजवीर सिंह ने महागठबंधन के साथ कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया। राजू भैया ने कहा कांग्रेस शौचालय की बात कह रही है। उसका बड़ा दिमाग काफी छोटा है। राहुल गांधी अगर आपकी दादी और अम्मा खेत में लोटा लेकर गई होती तो मालूम पड़ जाता कि शौचालय कितना जरूरी है। उन्होंने कहा कि यदि इस देश को सशक्त हाथों देना है तो भाजपा के अलावा कोई रास्ता नहीं है। कांग्रेस का नाम लिए बगैर कहा यदि इस देश की बागडोर बंदर के हाथ में गई तो वह उस्तरा चलाकर सबकी दाढ़ी कटेगा और अपनी भी कटेगा।