Loksabha Election 2019: अपना दल से भाजपा का गठबंधन बरकरार, मिर्जापुर से ही लड़ेंगी अनुप्रिया पटेल
अपना दल की नेता और नरेंद्र मोदी सरकार में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने आज दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में उत्तर प्रदेश को लेकर बेहद गंभीर भारतीय जनता पार्टी ने अपना दल (एस) से अपना गठबंधन बरकरार रखा है। अपना दल की नेता और नरेंद्र मोदी सरकार में राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने आज दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की।
अनुप्रिया पटेल उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से सांसद और नरेंद्र मोदी सरकार में राज्य मंत्री हैं। अनुप्रिया पटेल ने आज नई दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से भेंट की। उनके साथ उनके पति तथा उत्तर प्रदेश में विधान परिषद सदस्य आशीष सिंह पटेल भी थे। इस मुलाकात के बाद भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के साथ अपना दल (एस) का गठबंधन बरकरार रहेगा।
ये भी पढ़ें: समाजवादी पार्टी के चार और प्रत्याशी के नाम फाइनल, कैराना से लड़ेंगी तबस्सुम हसन
अमित शाह ने ट्वीट करते हुए लिखा, कि फिर एक बार-मोदी सरकार के संकल्प के साथ 'भाजपा-अपना दल' गठबंधन उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव साथ-साथ लड़ेगा। अपना दल अब प्रदेश की दो सीटों पर चुनाव लड़ेगा। जिसमें अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर से चुनाव लड़ेंगी और दूसरी सीट पर दोनों दलों के नेता बैठकर चर्चा करेंगे। अनुप्रिया पटेल के सामने गठबंधन की तरफ से सपा के राजेंद्र एस बिंद मैदान में हैं तो कांग्रेस ने ललितेश पति त्रिपाठी को मैदान में उतारा है। पटेल और बिंद बाहुल्य इस सीट पर अपना दल की अच्छी पकड़ मानी जाती है।
“फिर एक बार-मोदी सरकार” के संकल्प के साथ ‘भाजपा-अपना दल’ गठबंधन उत्तरप्रदेश में लोकसभा चुनाव साथ-साथ लडेगा।
अपना दल प्रदेश की दो सीटों पर चुनाव लडेगा, जिसमे श्रीमती @AnupriyaSPatel जी मिर्जापुर से चुनाव लड़ेंगी और दूसरी सीट पर दोनों दलों के नेता बैठकर चर्चा करेंगे। pic.twitter.com/kBbuAyBs7m — Amit Shah (@AmitShah) March 15, 2019
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के इस ट्वीट के साथ ही अपना दल को एनडीए गठबंधन के तहत मिलने वाली सीटों को लेकर भी सस्पेंस खत्म हो गया। अपना दल (एस) भाजपा से नाराज चल रहा था। उसका आरोप था कि गठबंधन में पार्टी नेताओं को सम्मान नहीं दिया जा रहा। जिसके बाद भी सामने आया था कि अपना दल कांग्रेस के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ सकता है। इसके बाद भाजपा ने दोनों सहयोगियों अपना दल और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी को साधते हुए उन्हें बोर्ड, निगमों में पद दिया और अपने कुनबे को बिखरने से बचा लिया।
ये भी पढ़ें: मायावती के साथ अखिलेश सात को देवबंद से करेंगे चुनावी शंखनाद
2014 में भी अपना दल ने भाजपा गठबंधन के साथ दो सीटों पर चुनाव लड़ा था और दोनों पर ही जीत हासिल हुई थी। मिर्जापुर से अनुप्रिया पटेल और प्रतापगढ़ से कुंवर हरिवंश सिंह जीते थे। कुछ दिन पहले ही कुंवर हरिवंश ने अपना दल से अलग होकर एक नई पार्टी बना ली है।
इसके साथ ही अपना दल(एस) को उत्तर प्रदेश में एक और लोकसभा क्षेत्र से लडऩे का मौका मिलेगा। उसके लिए जगह तथा प्रत्याशी का नाम अभी तय होना बाकी है। भाजपा के प्रत्याशियों की सूची को भी कल शीर्ष नेतृत्व के साथ बैठक के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
अपना दल उत्तर प्रदेश में दो सीटों पर चुनाव लड़ेगा। अनुप्रिया पटेल मिर्जापुर से चुनाव लड़ेंगी और दूसरी सीट पर दोनों दलों के नेता बैठकर चर्चा करेंगे। अपना दल (एस) को मिर्जापुर सीट देने के बाद विकल्प के रूप में प्रतापगढ़, रॉबर्ट्सगंज, फूलपुर, डुमरियागंज या प्रयागराज में से किसी एक को रखा गया है। रॉबर्ट्सगंज, प्रयागराज व डुमरियागंज से भाजपा के सांसद हैं।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के साथ अनुप्रिया पटेल और उनके पति की भेंट के दौरान भाजपा के उत्तर प्रदेश के प्रभारी तथा केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद थे।