Loksabha Election 2019 : बस्ती से गठबंधन के प्रत्याशी राम प्रसाद चौधरी को हार्ट अटैक, लखनऊ रेफर
बस्ती से गठबंधन के प्रत्याशी बसपा नेता राम प्रसाद चौधरी को आज दिल का दौरा पड़ गया। उनको तत्काल जिला अस्पताल लाया गया जहां से लखनऊ रेफर किया गया है।
बस्ती, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में बस्ती से गठबंधन के प्रत्याशी बसपा नेता राम प्रसाद चौधरी को आज दिल का दौरा पड़ गया। उनको तत्काल जिला अस्पताल लाया गया, जहां से लखनऊ रेफर किया गया है। बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेता राम प्रसाद चौधरी प्रदेश में मायावती की सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रहे हैं।
लोकसभा चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में बस्ती से मैदान में उतरे हैं। गठबंधन में बस्ती संसदीय सीट बहुजन समाज पार्टी के हिस्से में है। राम प्रसाद चौधरी ने 22 अप्रैल को अपना नामांकन किया था।
राम प्रसाद चौधरी प्रत्याशी घोषित होने के बाद से प्रचार में लगे थे। बस्ती में इस बार लोकसभा का चुनावी मुकाबला दिलचस्प होगा। चुनाव में सभी योद्धा पुराने हैं। भाजपा व बसपा के महावत वहीं है लेकिन कांग्रेस ने अपना चेहरा बदल दिया है। पिछले चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ रहे राजकिशोर सिंह पूरे कुनबे के साथ कांग्रेसी हो गए हैं। सपा-बसपा गठबंधन से पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी और भाजपा से सांसद हरीश द्विवेदी प्रत्याशी बनाए गए हैं।