Loksabha Election 2019 : मायावती के बाद अखिलेश का भी कांग्रेस पर हमला, कहा-भाजपा को हराने में हम काफी
मायावती के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने साफ कहा कि हमारा गठबंधन काफी मजबूत है। हम भाजपा को हराने के लिए काफी हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में भाजपा को हराने के लिए गठबंधन बनाने के बाद मायावती के साथ अखिलेश यादव भी बेहद सक्रिय हैं। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी व राष्ट्रीय लोकदल के गठबंधन के प्रत्याशियों के खिलाफ कल कांग्रेस के सात सीट पर अपने प्रत्याशी न उतारने की घोषणा के बाद मायावती ने आज सुबह तीखी प्रतिक्रिया की तो दोपहर में अखिलेश यादव भड़क गए।
मायावती के बाद समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने साफ कहा कि हमारा गठबंधन काफी मजबूत है। हम भाजपा को हराने के लिए काफी हैं। हमको कांग्रेस की किसी भी मदद की जरूरत नहीं है। उन्होंने ट्वीट किया कि उत्तर प्रदेश में एसपी-बीएसपी और आरएलडी का गठबंधन भाजपा को हराने में सक्षम है।
कांग्रेस पार्टी किसी तरह का कन्फ्यूजन न पैदा करे। इससे पहले आज सुबह सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के लिए उत्तर प्रदेश में सात सीटें छोडऩे के कांग्रेस के ऐलान पर बसपा सुप्रीमो मायावती बुरी तरह भड़क गईं। यहां तक कि मायावती ने ट्विटर पर ऐलान कर दिया कि कांग्रेस के साथ यूपी तो क्या देश के किसी भी हिस्से में भी गठबंधन नहीं करेंगी।
कांग्रेस मुख्यालय में कल कॉन्फ्रेंस में प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा था कि गठबंधन के अमेठी और रायबरेली में प्रत्याशी न उतारने के एवज में कांग्रेस भी सपा-बसपा-रालोद गठबंधन के लिए सात सीटें छोड़ेगी।