Loksabha Election 2019 : अलीगढ़ में एक परिवार के 33 में से 32 सदस्यों ने किया मतदान
अलीगढ़ के अशोक नगर निवासी बाबा प्यारेलाल दाढ़ी वाले 88 वर्ष की उम्र में बेटे मुकेश वाष्र्णेय तथा नाती अंकुर के साथ पिछले दस वर्ष से लगातार मत के अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 में दूसरे चरण का मतदान चरम पर है। उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण में आठ लोकसभा क्षेत्र में मतदान हो रहा है। इसी में मतदान के महापर्व में एक अलीगढ़ में जहां एक ही परिवार के 33 में से 32 लोगों ने एक साथ वोट डाला, वहीं आगरा में एक बीमार युवती को अस्पताल से स्ट्रेचर पर लाया गया और उसने मतदान किया।
अलीगढ़ के अशोक नगर निवासी बाबा प्यारेलाल दाढ़ी वाले 88 वर्ष की उम्र में बेटे मुकेश वाष्र्णेय तथा नाती अंकुर के साथ पिछले दस वर्ष से लगातार मत के अधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। जिसमें तीन पीढिय़ों में बाबा प्यारेलाल दाढ़ी वालों की उम्र 88 वर्ष, पुत्र मुकेश की उम्र 53 साल उनके पोते अंकुर शिवाजी की उम्र 28 साल है। इनके घर अशोक नगर के रघुवीर पुरी में उनके सात बेटे और तीन बेटियां और पूरे परिवार में 54 व्यक्ति एक साथ एक घर में एक छत के नीचे रहते हैं। इस बार लोकसभा के चुनाव में बाबा प्यारेलाल दाढ़ी वालों के घर के 33 में से 32 व्यक्ति एक साथ मत के अधिकार का प्रयोग करने आए। बाबा प्यारेलाल ने 1962 के युद्ध में अलीगढ़ के अंदर भारत वारी चौराहे पर यातायात व्यवस्था का काफी सुचारू रूप से संचालन भी किया।
अमरोहा में बरात जाने से पहले अपना वोट डालने पहुंचा दूल्हा
अमरोहा के मंडी धनौरा के गांव जसोरा में दूल्हा वोट डालने पहुंचा। विनोद की आज शादी है, लेकिन उसने मतदान को वरीयता दी।
बरात जाने से पहले सज धज कर गांव के मतदान केंद्र पर पहुंचे और मतदान किया।
आगरा में हौसले का मतदान
आगरा के नवदीप हॉस्पिटल, साकेत कॉलोनी में भर्ती 46 वर्षीय समीना का आपरेशन हुआ है। सुबह सर्जन डॉ सुनील शर्मा उन्हें देखने वार्ड में गए तो समीना ने वोट डालने की इच्छा जाहिर की।
उनका पोलिंग बूथ हरप्रसाद इंटर कॉलेज अछनेरा में है। इसके बाद डॉक्टर भी उनके अनुरोध को डाल नहीं सके और उन्होंने एंबुलेंस से समीना को वोट डालने अछनेरा भेजा।
अमरोहा के गजरौला में अमेरिका ने आकर दंपती ने किया मतदान
अमेरिका ने आकर एक दंपती ने अमरोहा के गजरौला में अपना-अपना वाट डाला है। सात समंदर पार आकर इस दंपती ने लोकतंत्र के महायज्ञ में अपनी आहुति दी है। अमरोहा की औद्योगिक नगरी गजरौला के रहने वाले एक दंपती ने आकर आहुति दी। मूलरूप से गजरौला के श्री राम मार्केट निवासी सचिन गर्ग परिवार के साथ अमेरिका के न्यूजर्सी इलाके में रहते हैं।
आज वह मतदान के महापर्व को मनाने के लिए अपनी पत्नी पूनम गर्ग के साथ यहां पहुंचे। दंपती अमरोहा में किसी अन्य काम से नहीं बल्कि सिर्फ और सिर्फ मतदान करने के लिए पहुंचे हैं। सचिन गर्ग ने वह आठ वर्ष बाद अपने गृह नगर की धरती पर आएं है। मेरा यहां आने का मकसद सिर्फ और सिर्फ अपनेे मत का प्रयोग करना है।
जयंत चौधरी ने पत्नी के साथ मथुरा में डाला अपना वोट
राष्ट्रीय लोकदल के उपाध्यक्ष तथा बागपत से गठबंधन के प्रत्याशी जयंत चौधरी ने भी आज मतदान किया। जयंत चौधरी ने मथुरा में अपनी पत्नी चारू चौधरी के साथ अपना वोट डाला। जयंत ने चारू चौधरी के साथ कृष्णा नगर के राधानगर में श्रद्धानंद विद्यालय में मतदान किया।
यहां पर गठबंधन प्रत्याशी के रूप में राष्ट्रीय लोकदल के नरेंद्र सिंह मैदान में हैं। मथुरा लोकसभा सीट पर इस बार भी चुनाव मैदान में भारतीय जनता पार्टी की ओर से हेमा मालिनी मैदान में हैं, तो उनको चुनौती देने के लिए 12 अन्य उम्मीदवार डटे हैं। कांग्रेस ने महेश पाठक को मैदान में उतारा है। यहां पर सपा-बसपा और रालोद के बीच हुए गठबंधन के तहत यह सीट रालोद को मिली है और उसने नरेंद्र सिंह को टिकट दिया है।