हार के बाद दिग्विजय बोले- गांधी के हत्यारों की विचारधारा जीत गई, यह मेरे लिए चिंता का विषय
Lok Sabha Election Results 2019 भोपाल लोकसभा सीट से हारने के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि आज इस देश में गांधी के हत्यारों की विचारधारा जीत गई।
भोपाल, जेएनएन। Lok Sabha Election Results 2019: भोपाल लोकसभा सीट से हारने के बाद कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह ने भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर पर हमला बोला है। उन्होंने कहा ' आज इस देश में गांधी के हत्यारों की विचारधारा जीत गई, गांधी की विचारधारा हार गई। यह मेरे लिए चिंता की बात है।' गौरतलब है कि चुनाव के दौरान साध्वी प्रज्ञा ने नाथू राम गोडसे को देशभक्त बता दिया था। इसके बाद उनकी काफी आलोचना हुई थी। भाजपा ने भी इससे अपना पल्ला झाड़ लिया था और इसके बाद उन्हें माफी मांगनी पड़ी थी।
दिग्विजय सिंह ने यह बात हार के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर कही। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि उन्होंने भोपाल की जनता से जो विकास के वादे किए हैं वो उन्हें पूरा करने का हर संभव कोशिश करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के विजन डॉक्यूमेंट को भी पूरा किया जाएगा। इस मसले पर सीएम कमलनाथ के साथ पहले ही चर्चा हो गई है। वह भोपाल की जनता के बीच रहकर इस पर अमल करेंगे।
भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी से दिग्विजय को करारी हार का सामना करना पड़ा है। प्रज्ञा ने उन्हें 3,64,822 वोटों के अंतर से हराया। बता दें कि इस सीट पर भाजपा लंबे समय से चुनाव जीतती आई है। हालांकि, दिग्विजय सिंह के उतरने से इस सीट पर लड़ाई दिलचस्प हो गई थी। साध्वी को इस चुनाव में कुल 8,66,482 और दिग्विजय सिंह को 5,01,660 वोट मिले। प्रज्ञा ठाकुर को इस सीट पर 60 फीसद से भी ज्यादा वोट मिले हैं। बसपा कैंडिडेट माधो सिंह अहिरवार को 11,277 और नोटा को कुल 5,430 वोट मिले हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप