Lok Sabha Election Result 2019 : खिलखिलाए चेहरे, चारों ओर सिर्फ मोदी-मोदी की गूंज
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम जैसे-जैसे सामने आए भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मुस्कान बढ़ती चली गई।
लखनऊ, जेएनएन। मोदी-मोदी के गगनभेदी नारों के बीच शाम चार बजे जैसी ही भाजपा प्रदेश कार्यालय में सीएम योगी आदित्यनाथ ने कदम रखा कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर उनका स्वागत किया। यहां डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, मंत्री ब्रजेश पाठक सहित कई नेताओं की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया।
सीएम ने कार्यकर्ताओं को जीत के लिए बधाई दी। ढोलक, शंख, घंटा और मंजीरा बजा रहे कार्यकर्ताओं ने मोदी- योगी जिंदाबाद के नारे लगाना शुरू कर दिया। भाजपा नीत एनडीए गठबंधन के यूपी सहित पूरे देश में जबरदस्त प्रदर्शन करने से उत्साहित कार्यकर्ताओं का जोश देखते ही बन रहा था। मिठाईयां बांटी जा रही थी और कार्यकर्ता खुशी में झूम रहे थे। जीत की होली व दीपावली दोनों एक साथ यहां पर मनाई जा रही थी।
लोकसभा चुनाव 2019 के परिणाम जैसे-जैसे सामने आए भाजपा कार्यकर्ताओं के चेहरे पर मुस्कान बढ़ती चली गई। प्रदेश भाजपा कार्यालय में ढोलक, घंटा व शंख बजाकर कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी के गगनभेदी नारे लगाने शुरू कर दिए। भारत माता की जयकारे लगा रहे कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। प्रदेश भाजपा कार्यालय में रुझान आते ही जश्न का माहौल बन गया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज सिंह व उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक नीरज बोरा सबसे पहले करीब सवा ग्यारह बजे पार्टी दफ्तर पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ उत्सव में शामिल हुए।
वहीं सपा-बसपा व रालोद गठबंधन को उम्मीद के मुताबिक सुबह से ही रुझानों में काफी कम सीटें मिलती देख, कार्यकर्ताओं ने पार्टी दफ्तर की ओर रुख नहीं किया। विक्रमादित्य मार्ग स्थित सपा प्रदेश कार्यालय के बाहर सन्नाटे में भारी पुलिस व मीडियाकर्मी नेताओं का इंतजार कर रहे थे। गठबंधन के खराब प्रदर्शन की मायूसी प्रदेश कार्यालय पर छायी हुई थी।
दोपहर करीब 1:37 मिनट पर सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव पार्टी दफ्तर पहुंचे और यहां दोपहर करीब 3:19 मिनट तक रहे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करने में परहेज किया। सपा कार्यालय में सुबह से ही पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ही मौजूद दिखे बाकी नेता और कार्यकर्ता गिने-चुने ही थे। इससे अधिक तो वहां पुलिस तैनात थी और मीडियाकर्मी का जमावड़ा गठबंधन के प्रदर्शन पर पार्टी नेताओं का पक्ष लेने के लिए एकत्र था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप