Move to Jagran APP

Lok Sabha Election Result 2019 : उत्तर प्रदेश के 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना तय

लोकसभा चुनाव जीतने वाले मंत्रियों और विधायकों के इस्तीफे से रिक्त होने वाले 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Published: Thu, 23 May 2019 05:32 PM (IST)Updated: Fri, 24 May 2019 07:59 PM (IST)
Lok Sabha Election Result 2019 : उत्तर प्रदेश के 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना तय
Lok Sabha Election Result 2019 : उत्तर प्रदेश के 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना तय

लखनऊ, जेेेेएनएन। सत्रहवीं लोकसभा के चुनाव ने प्रदेश में एक और चुनाव की बुनियाद रख दी है। चुनाव मैदान में उतरे प्रदेश सरकार के चार में से तीन मंत्रियों के सिर जीत का सेहरा बंधा। इनके अलावा सत्ताधारी भाजपा के छह और सपा व बसपा के एक-एक विधायक भी लोकसभा की देहरी लांघने के लिए अपने विरोधियों पर निर्णायक बढ़त बनाये हुए हैं। लोकसभा चुनाव जीतने वाले मंत्रियों और विधायकों के इस्तीफे से रिक्त होने वाले 11 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होंगे।

loksabha election banner

गोविंदनगर क्षेत्र से विधायक प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री सत्यदेव पचौरी ने कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल को डेढ़ लाख से अधिक वोटों से हराकर कानपुर संसदीय सीट पर भाजपा का दबदबा कायम रखा है। वहीं टुंडला सुरक्षित सीट से विधायक निर्वाचित हुए पशुधन मंत्री एसपी सिंह बघेल आगरा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को दो लाख से अधिक मतों से पराजित किया। लखनऊ कैंट सीट की विधायक प्रदेश की महिला कल्याण व पर्यटन मंत्री डॉ.रीता बहुगुणा जोशी ने इलाहाबाद में भाजपा का झंडा गाड़ा। तीनों मंत्रियों के जीतने पर उनके इस्तीफे से रिक्त होने वाले विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव होना तय है। वहीं उनके विभागों का भी नये सिरे से आवंटन होगा।

हिंदुओं के पलायन की खबरों से चर्चा में आये कैराना की सीट पर भाजपा ने सहारनपुर के गंगोह क्षेत्र के विधायक प्रदीप चौधरी को उम्मीदवार बनाया था। प्रदीप ने सपा प्रत्याशी तबस्सुम हसन को नब्बे हजार से अधिक वोटों से शिकस्त देकर कैराना में भाजपा की वापसी करायी।

गौरतलब है कि कैराना सांसद हुकुम सिंह के निधन से रिक्त हुई इस सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। सांसद सावित्री बाई फुले की बगावत ने भाजपा को बलहा क्षेत्र के विधायक अक्षयवर लाल गौड़ को बहराइच से प्रत्याशी बनाने को मजबूर किया। अक्षयवर लाल ने भाजपा को निराश नहीं किया और उन्होंने सपा प्रत्याशी शब्बीर वाल्मीकि को 128752 वोटों से हराकर बहराइच सीट पार्टी की झोली में डाल दी। मानिकपुर के विधायक आरके सिंह पटेल ने भी भगवा दल को छोड़ सपा का दामन थामने वाले श्यामाचरण गुप्ता को बांदा संसदीय सीट पर 58938 वोटों से आसमान दिखाकर भाजपा का परचम लहराया।

प्रतापगढ़ विधानसभा क्षेत्र से अपना दल के टिकट पर निर्वाचित हुए विधायक संगम लाल गुप्ता को भाजपा ने यहां की लोकसभा सीट पर उम्मीदवार बनाया। संगम लाल ने प्रतापगढ़ संसदीय क्षेत्र में 117752 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर कमल खिलाया। अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के भाजपा विधायक राजवीर सिंह दिलेर हाथरस सीट पर बतौर भाजपा प्रत्याशी 260208 वोटों से विजय पायी। वहीं बाराबंकी के जैदपुर क्षेत्र के भाजपा विधायक उपेंद्र सिंह रावत खुद पर पार्टी के भरोसे को कायम रखते हुए बाराबंकी लोकसभा सीट पर भगवा परचम लहराने में कामयाब रहे। लोकसभा के लिए चुने जाने पर यह भाजपा विधायक विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देेंगे। उनकी छोड़ी हुई विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे।

मंत्री मुकुट बिहारी हारे पर उप चुनाव तय

भाजपा के चार मंत्रियों में से सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ही बदनसीब रहे जिन्हें अंबेडकरनगर सीट पर हार का मुंह देखना पड़ा। यह बात और है कि उन्हें पटकनी देने वाले बसपा प्रत्याशी रितेश पांडेय अंबेडकरनगर की जलालपुर सीट से विधायक हैं। ऐसे में जलालपुर विधानसभा क्षेत्र में भी उप चुनाव होगा।

आजम की जीत से रामपुर में फिर होगा चुनाव

सपा के दिग्गज नेता मोहम्मद आजम खां ने रामपुर संसदीय क्षेत्र में साइकिल की रफ्तार से विरोधी प्रत्याशियों को पीछे छोड़ते हुए वहां भी उप चुनाव की पृष्ठभूमि तैयार कर दी है। आजम रामपुर सीट से सपा विधायक हैं जिन्हें इस बार समाजवादी पार्टी ने लोकसभा सीट पर उम्मीदवार बनाया था।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.