Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Live Updates: 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान संपन्‍न, पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग

Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Live Update छठे चरण में 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्‍न हो गया है। पश्चिम बंगाल में इस बार भी बंपर वोटिंग हुई।

By Amit SinghEdited By: Published: Sat, 11 May 2019 09:28 PM (IST)Updated: Sun, 12 May 2019 06:20 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Live Updates: 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान संपन्‍न, पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग
Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Live Updates: 7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान संपन्‍न, पश्चिम बंगाल में बंपर वोटिंग

नई दिल्ली, जेएनएन। लोकसभा चुनाव 2019 (Lok Sabha Election 2019) अपने अंतिम पड़ाव की तरफ बढ़ रहा है। आज (रविवार, 12 मई 2019) को लोकसभा चुनाव के छठे चरण का मतदान संपन्‍न हो गया। छठे चरण में 07 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए आज मतदान हुआ। इसके अलावा आज त्रिपुरा की पश्चिमी लोकसभा सीट के मतदान केंद्र संख्या 168 और पुडुचेरी, बैरकपुर व अरामबाग के भी एक-एक मतदान केंद्र पर री-पोलिंग हुई। राजधानी दिल्ली के शामिल होने से छठा चरण बेहत महत्वपूर्ण हो गया। इसके अलावा इस चरण में कई वीवीआईपी नेताओं के राजनीतिक भविष्य का भी फैसला ईवीएम के कैद हो गया है। 2014 में इन 59 सीटों में से 45 भाजपा ने, 8 तृणमूल ने, 2 कांग्रेस ने और सपा व लोजपा ने 1-1 सीट जीती थीं।

loksabha election banner

Lok Sabha Election 2019 Phase 6 Voting Live Updates...

6:19 PM: छठे चरण में 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्‍न हो गया है। शाम 6 बजे तक देशभर में 59.70 फीसद वोटिंग हुई। पश्चिम बंगाल में एक बार फिर बंपर वोटिंग हुई। बंगाल में इस चरण में लगभग 80.13 फीसद मतदान हुआ। इसके अलावा दिल्ली में 55.44 फीसद, हरियाणा में 62.14 फीसद, उत्तर प्रदेश में 50.82 फीसद, बिहार में 55.04 फीसद, झारखंड में 64.46 फीसद और मध्य प्रदेश में 60.12 फीसद मतदान हुआ।

5:45 PM: भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह अपना वोट डालने राजगढ़ नहीं गए। दिग्विजय से जब इसके बारे में पूछा गया कि आखिर उन्‍होंने वोट क्‍यों नहीं डाला? इस पर उन्‍होंने कहा कि मुझे वोट ना डालने का अफसोस है।

5:25 PM:लोकसभा चुनाव के छठे चरण में सात राज्यों की 59 सीटों पर शाम 5 बजे तक 53.85 फीसद मतदान हुआ है।

5:10 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्‍य प्रदेश के खंडवा में कहा- मैं 5 वर्ष की अपनी ईमानदारी और निष्ठा को लेकर मैदान में हूं और महामिलावटी झूठ, प्रपंच के आधार पर चुनाव लड़ रहे हैं. मेरे साथ मेरे काम हैं और उनके साथ उनके कारनामे हैं।

4:50 PM: भाजपा नेता प्रकाश जावड़ेकर का कहना है कि राजस्थान में गृह मंत्री का चार्ज खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के पास है, इसलिए उन्हें इस्तीफा देना चाहिए।

4:30 PM: शाम चार बजे तक कुल 50.77 फीसद हुआ मतदान। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 70.51 फीसद, उत्तर प्रदेश में सबसे कम 43.26 फीसद, दिल्ली में 45.24 फीसद, हरियाणा 51.86 फीसद, बिहार में 44.40 फीसद, झारखंड 58.08 फीसद और मध्य प्रदेश में 52.78 प्रतिशत मतदान हुआ।
4:15 PM: भोपाल से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह अपने लोकसभा क्षेत्र में इतने व्यस्त हैं कि अब तक वह राजगढ़ में अपना वोट नहीं डाल सके हैं। दिग्विजय सिंह ने न्यूज एजेंसी ANI को बताया कि वह प्रयास कर रहे हैं कि वह राजगढ़ जाकर वोट डाल सकें।
4:00 PM: उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू और उनकी पत्नी ऊषा ने दिल्ली के निर्माण भवन मतदान केंद्र में वोट डाला।
3:50 PM: एनआईटी फरीदाबाद में भाटिया सेवक समाज में बने मतदान केंद्र के बाहर कांग्रेस और भाजपा समर्थकों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर भारी पुलिस बल मौजूद। कांग्रेस प्रत्याशी अवतार सिंह भडाना भी मौके पर पहुंचे। अवतार भडाना का आरोप उनके समर्थकों को गायब कर दिया गया है।
3:35 PM: भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने पश्चिम बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) से मुलाकात की। उन्होंने CEO से मांग की कि मतदान से 48 घंटे पहले संबंधित लोकसभा क्षेत्र में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित किया जाए। हिस्ट्रीशीटर बदमामों की गिरफ्तारी हो। हमारी (भाजपा) प्रत्याशी भारती घोष के काफिले पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
3:20 PM: दोपहर तीन बजे तक कुल 46.52 फीसद हुआ मतदान। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 63.09 फीसद, दिल्ली में सबसे कम 36.73 फीसद, हरियाणा में 47.57 फसीद, उत्तर प्रदेश में 40.96 फीसद, बिहार में 43.86 फीसद, झारखंड में 54.09 फीसद और मध्य प्रदेश में 48.53 फीसद हुआ मतदान।
3:10 PM: एयर चीफ मार्शल बीएस धनोवा ने अपने परिवार के साथ दिल्ली के निर्माण भवन में मतदान किया।
3:00 PM: बॉलीवुड गायिका और सारेगामापा 2005 की उप विजेता हिमानी कपूर मुंबई से विशेष रूप से मतदान के लिए दिल्ली आईं।
2:50 PM: बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू और स्वरा भास्कर ने दिल्ली में मतदान किया। इसके साथ ही एक अन्य बॉलीवुड एक्टर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने भी दिल्ली में ही मतदान किया है।

2:40 PM: नजफगढ़ के दीनपुर में परिवार के साथ वोट डालने पहुंची हरियाणवी सिंगर व डांसर सपना चौधरी।
2:20 PM: पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने के. कामराज लेन स्थित एनपी प्राइमरी स्कूल के मतदान केंद्र पर वोट डाला।
2:00 PM: दक्षिणी दिल्ली से आप के प्रत्याशी राघव चड्ढा ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि संगम विहार में भाजपा कार्यकर्ता पोलिंग बूथ में घूमरहे हैं। एक व्यक्ति ने चार बार मतदान किया। हमने इस तरह के आठ-दस लोगों को चिन्हित किया है। एक को मतदान में गड़बड़ी फैलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा है। राघव चड्ढा का आरोप है कि भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी बुरी तरह से हार रहे हैं। इसलिए वह इस तरह की कोशिशें कर रहे हैं।

1:30 PM: दोपहर एक बजे तक तक 35.22 फीसद मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में 55.58 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 34.30 फीसद, दिल्ली में 32.98 फीसद, बिहार में 35.22 फीसद, मध्य प्रदेश 41.25 प्रतिशत, हरियाणा में 38.16 फीसद, झारखंड में 46.16 फीसद मतदान हुआ।
12:55 PM: शिवहर लोकसभा क्षेत्र, बिहार के माधवपुर सुंदर बूथ संख्या 275 पर होमगार्ड जवान की गोली से घायल मतदान कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुबह करीब साढ़े सात बजे उसे गोली लगी थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
12:35 PM: भाजपा और कांग्रेस नेताओं में भिड़ंत के बाद फरीदाबाद लोकसभा के अंतर्गत बड़खल विधानसभा में तीन बूथों पर वोटिंग रोकी गई है। दोनों दलों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हंगामे की आशंका को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात।
12:25 PM: छठवें चरण में दोपहर 12 बजे तक कुल 25.13 फीसद मतदान हुआ। पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा 38.26 फीसद, दिल्ली में सबसे कम 19.55 फीसद, हरियाणा में 23.26 फीसद, उत्तर प्रदेश में 21.75 फीसद, बिहार में 20.70 प्रतिशत, झारखंड में 31.27 फीसद और मध्य प्रदेश में 28.25 फीसद मतदान रिकॉर्ड किया गया।
12:20 PM: CPI (M) के वरिष्ठ नेता प्रकाश करात ने दिल्ली के संचार भवन स्थित पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
12:15 PM: रेवाड़ी के गांव भाकली में लोगों ने मतदान का सामूहिक बहिष्कार किया। 2014 के चुनाव में भी किया था सामूहिक बहिष्कार। इनकी मांग है कि उनके गांव को कोसली नगर पालिका से बाहर किया जाए।

11:58 AM: दिल्ली के छतरपुर में पर्यावरण कांपलेक्स के बूथ नंबर 6 की ईवीएम मशीन दो घंटे से खराब पड़ी है। मशीन को सही करने का प्रयास जारी है। कुछ मतदाता निराश हो घर लौट गए। हालांकि कुछ अब भी लाइन में मतदान शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं।
11:55 AM: आजमगढ़ के बदरका स्थित गया राम जूनियर हाई स्कूल मतदान के लिए एक साथ टोली बनाकर पहुंची महिलाएं। खास बात ये थी कि महिलाओं की इस टोली में ज्यादातर ने भगवा रंग की साड़ी पहनी हुई थी।

11:50 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे हैं। यहां अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होना है।
11:48 AM: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा ने दिल्ली के लोधी एस्टेट स्थित सरदार पटेल विद्यालय मतदान केंद्र में वोट डाला।

11:45 AM: झारखंड के मझगांव में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प के बाद पुलिस ने किया लाठीचार्ज। एक मतदाता का हाथ टूटा।
11:40 AM: पश्चिम बंगाल में 11 बजे तक 37.97 फीसद मतदान हुआ। दिल्ली में 16 फीसद और मध्य प्रदेश में 20 फीसद से ज्यादा मतदान हो चुका है।
11:35 AM: सुबह 11 बजे तक पूर्वांचल की पांच लोकसभा सीटों पर कुल 21.574 फीसद वोटिंग हुई। सबसे कम 19.8 फीसद वोटिंग आजमगढ़ लोकसभा में हुई है। सबसे ज्यादा 22.76 फीसद मतदान जौनपुर में हुआ। इसके अलावा लालगंज 21.19 में फीसद, भदोही में 22.01 फीसद और मछली शहर में 22.11 फीसद मतदान हुआ।
11:30 AM: पश्चिम बंगाल के बांकुरा में बूथ नंबर 254 में भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई। भाजपा ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर मतदान में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। सुरक्षा बलों ने हल्का बल प्रयोग कर खदेड़ा।
11:22 AM: पूर्व क्रिकेटर कपिल देव दिल्ली के मथुरा रोड स्थित डीपीएस स्कूल के मतदान केंद्र पर पत्नी रोमि और पुत्री आमिया संग वोट डालने पहुंचे।
11:18 AM: सुबह 11 बजे तक कुल 21.60 फीसद मतदान हुआ। बिहार में 20.44 फीसद, हरियाणा में 18.24 फीसद, मध्य प्रदेश में 25 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश में 20.20 फीसद, पश्चिम बंगाल में 30.40 फीसद, झारखंड में 31.25 फीसद और दिल्ली में 13.29 प्रतिशत मतदान हुआ।
11:15 AM: यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने दिल्ली के निर्माण भवन स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। वोटिंग के लिए जाते वक्त उनके साथ दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित भी मौजूद थीं।


11:10 AM: दिल्ली के सबसे बुजुर्ग मतदाता बचन सिंह (111 वर्ष) ने संतगढ़ में मतदान किया।
11:00 AM: असम एवं मिज़ोरम के महामहिम राज्यपाल प्रो जगदीश मुखी और लेडी गवर्नर प्रेम मुखी ने निगम प्राथमिक स्कूल C4E ब्लॉक जनकपुरी, दिल्ली में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 
10:49 AM: मिदनापुर लोकसभा सीट पर भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच हिंसा। TMC के चार कार्यकर्ता अस्पताल में भर्ती। त्रिणमूल कांग्रेस ने भाजपा समर्थकों पर हमले का लगाया आरोप। मिदनापुर लोकसभा सीट से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष प्रत्याशी हैं।
10:44 AM: दिल्ली के सिविल लाइन्स स्थित एक स्कूल में केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने पत्नी सहित वोट डाला।
10:35 AM: केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने औरंगजेब लेन के एनपी सीनियर सेंकेंडरी स्कूल के पोलिंग बूथ में वोट डाला। राजपुर रोड के स्कूल में परिवार सहित मतदान करने पहुँचे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल।
10:22 AM: पश्चिमी बंगाल में घाटाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी भारती घोष के काफीले पर हमला। गाड़ियों के शीशे टूटे। भाजपा ने मामले में TMC कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है।
10:10 AM: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने औरंगजेब लेन स्थित एनपी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मतदान किया।


9:45 AM: पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से AAP प्रत्याशी आतिशी ने जंगपुरा स्थित कमला नेहरू गवर्नमेंट सर्वोदय स्कूल में अपना वोट डाला।
9:35 AM: जमशेदपुर के भालूबासा हरिजन स्कूल में पूरे परिवार के साथ वोट डालने पहुंचे मुख्यमंत्री रघुवर दास।


9:28 AM: सुबह नौ बजे तक बिहार में 9.03 प्रतिशत, हरियाणा में 3.74 फीसद, मध्य प्रदेश में 4.01 फीसद, उत्तर प्रदेश में 6.86 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 16.68 फीसद, झारखंड में 12.45 फीसद और दिल्ली में मात्र 3.74 प्रतिशत मतदान हुआ। सुबह-सुबह EVM की खराबी, मतदाताओं के रुझान पर भारी पड़ी।
9:20 AM: हरियाणा के नूंह जिले में पहले दो घन्टे में फिरोजपुर झिरका में 3 बूथों पर ईवीएम खराब हुई। नई ईवीएम मंगवाकर करीब 7:40 पर मतदान शुरू हुआ। 9 बजे तक करीब 20 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
9:18 AM: हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने करनाल के मतदान बूथ पर अपना वोट दिया।
9:15 AM: दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ईस्ट दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के पांडव नगर स्थित मतदान बूथ में वोट डाला।
9:12 AM: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में बने मतदान बूथ में वोट डाला।

9:08 AM: सुल्तानपुर में भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और महागठबंधन के प्रत्याशी सोनू सिंह के बीच कहासुनी हो गई। मेनका गांधी ने सोनू सिंह के समर्थकों पर मतदाताओं को धमकाने का आरोप लगाया है।
8:58 AM: नोबल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
8:53 AM: फरीदाबाद के सेक्टर 16ए स्तिथ पंडित जवाहरलाल नेहरू कॉलेज मतदान केंद्र पर कांग्रेस प्रत्याशी अवतार भड़ाना पत्नी, बेटा व बेटी को लेकर मतदान कराने के लिए पहुंचे। हालांकि अवतार भड़ाना का खुद का वोट यहां नहीं डलेगा।
8:44 AM: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्याशी शीला दीक्षित ने निजामुद्दीन के एक मतदान बूथ पर मताधिकार का प्रयोग किया।


8:35 AM: नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बूथ नंबर 40 पर ईवीएम खराब, नाराज मतदाता घर वापस लौटे। चुनाव अधिकारियों में हड़कंप। आप नेता सोमनाथ भारती ने तीन बूथों पर ईवीएम की खराबी की शिकायत की है। दिल्ली के सोनिया विहार के बूथ नंबर 56 और यमुना पब्लिक स्कूल में भी ईवीएम खराब होने से लगभग 45 मिनट देरी से शुरू हुई वोटिंग।
8:30 AM: फरीदाबाद के सेक्टर नौ स्थित DC मॉडल स्कूल में बूथ नंबर 151 और 154 में मशीन ख़राब होने की वजह से अभी तक मतदान शुरू नहीं हो पाया है। मतदाता लंबी लाइन में खड़े हैं।
8:22 AM: आप प्रत्याशी दिलीप पांडेय ने पत्नी के साथ दिल्ली के यमुना विहार स्थित स्कूल में बने मतदान केंद्र में वोट डाला।
8:17 AM: उत्तर प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने प्रयागराज के एक मतदान केंद्र में वोट डाला।
8:12 AM: फरीदाबाद के बड़खल विधानसभा क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय नंबर 2 में बने बूथ नंबर 11 पर कुल 1125 वोट हैं और पहले घंटे में मात्र 10 वोट पोल हुए हैं। यहां वीवीपैट मशीन खराब होने के चलते वोटिंग एक घंटा देरी से शुरू हुई है।
8:00 AM: शिवहर लोकसभा क्षेत्र, बिहार के माधवपुर सुंदर बूथ संख्या 275 पर एक होमगार्ड जवान से गोली चल गई, जिससे एक मतदान कर्मी घायल हो गया। घटना कैसे हुई, इसकी पड़ताल हो रही है। पुलिस फिलहाल इसे दुर्घटना मान रही है। होमगार्ड जवान की गोली से घायल शिक्षक शिवेंद्र किशोर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। उन्‍हें पेट में गोली लगी है।

7:50 AM: पूर्वी दिल्ली भाजपा उम्मीदवार व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर ओल्ड राजिंदर नगर के मतदान केंद्र पर वोट देने के लिए लाइन में लगे हुए हैं। पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट पर उनका मुकाबला आप नेता आतिशि और कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली से है।


राजेंद्र नगर, दिल्ली में गौतम गंभीर व  उनकी पत्नी निताशा ने भी किया मतदान

7:45 AM: कुछ जगहों पर ईवीएम मशीन शुरू न हो पाने या खराबी की वजह से मतदान देर से शुरू हुआ। कुछ जगहों पर अभी मतदान शुरू नहीं हो सका है। ईवीएम बदल मतदान शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है।
7:38 AM: भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने गुरुग्राम, हरियाणा के Pinecrest School में बने मतदान केंद्र में मतदान किया।

7:30 AM: मध्य प्रदेश में साध्वी प्रज्ञा ने वोट डाला। वह भोपाल लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार हैं। इस सीट पर उनका मुकाबला कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह से है।

7:28 AM: झारखंड के नक्‍सल प्रभावित गिरिडीह संसदीय क्षेत्र के डुमरी गांव में समय से पहले ही वोटरों की लंबी कतारें लग गईं। यहां पुरुषों के मुकाबले महिलाओं में मतदान के प्रति ज्यादा रुझान देखने को मिल रहा है।

7:18 AM: सोहना के बूथ नंबर 109 व 103 में ईवीएम खराब। इस वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका है। कुछ जगहों पर लोगों को वोटर लिस्ट में अपना नाम खोजने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

7:15 AM: फरीदाबाद के सेक्टर 28 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल में केंद्रीय मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर एवं उनके परिवार के लोग ने  मतदान किया।
7:00 AM: 7 राज्यों की 59 लोकसभा सीटों के लिए मतदान शुरू हो चुका है। लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदान केंद्रों के गेट खुलने से पहले लोगों की लाइन लग चुकी थी।
6:45 AM: मतदान केंद्रों के बाहर लोगों की लाइनें लग चुकी हैं। लोग सुबह की सैर के तुरंत बाद मतदान करने पहुंच रहे हैं।
6:30 AM: मतदान केंद्रों पर विभिन्न दलों के बूथ एजेंटों की मौजूदगी में पीठासीन अधिकारियों ने ईवीएम पर मॉक पोल का प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सुबह 7:00 बजे से मतदान शुरू होगा। इसके लिए अभी से मतदान केंद्रों के बाहर लोग जमा होने लगे हैं।

रविवार को मतदान
राज्य               लोकसभा सीट
उत्तर प्रदेश             14
हरियाणा                10
मध्य प्रदेश             08
बिहार                   08
प. बंगाल               08
दिल्ली                   07
झारखंड                04

अंतिम चरण 19 को, 23 को आएंगे नतीजे
छठे चरण के सात दिन बाद 19 मई को अंतिम चरण का मतदान होगा। इसमें 8 राज्यों की 59 सीटों पर वोट प़़डेंगे। इसके साथ ही सातों चरण पूरे हो जाएंगे। इसके चौथे दिन 23 मई को नतीजे आएंगे।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.