सिद्धू के लिए मुसीबत बना किराए का हेलीकॉप्टर, जांजगीर की सभा रद, दूसरी बार हुआ ऐसा
Lok Sabha Election 2019 सिद्धू के छत्तीसगढ़ के दूसरे दौरे में भी हेलीकॉप्टर खराब हो गया और इस बार वे जांजगीर नहीं पहुंच पाए। इस वजह से वहां की चुनावी सभा रद करनी पड़ी।
रायपुर, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019, कांग्रेस के स्टार प्रचारक नवजोत सिंह सिद्धू के लिए किराए का हेलीकॉप्टर मुसीबत का कारण बन गया है। दरअसल सिद्धू को दूसरी बार किराए के हेलीकॉप्टर ने धोखा दिया है। सिद्धू के छत्तीसगढ़ के दूसरे दौरे में भी हेलीकॉप्टर खराब हो गया और इस बार वे जांजगीर नहीं पहुंच पाए। इस वजह से वहां की चुनावी सभा रद करनी पड़ी। बता दें कि इससे पहले सिद्धू 11 अप्रैल को छत्तीसगढ़ आए थे, तब उनके हेलीकॉप्टर का गेट हवा में खुल गया था। इसके बाद उन्हें डोंगरगांव जाते समय मौसम खराब होने पर वापस लौटना पड़ा था।
सिद्धू की शुक्रवार को जांजगीर और दुर्ग लोकसभा अंतर्गत पाटन विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा होनी थी। सिद्धू की पाटन में तो सभा हुई, लेकिन वे हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने के कारण जांजगीर नहीं पहुंच पाए। जांजगीर में पार्टी के लोग और कांग्रेस समर्थक उनका इंतजार करते रहे। सिद्धू के नहीं आने की खबर मिली, तब स्थानीय नेताओं ने सभा को संबोधित किया। सिद्धू के साथ यह पहली बार नहीं हुआ है। उनके पिछले दौरे में भी कुछ ऐसी ही दिक्कत सामने आई थी। 11 अप्रैल को सिद्धू की मंत्री टीएस सिंहदेव के साथ चार सभाएं मुंगेली के बालापुर, डोंगरगांव, बिलाईगढ़ और सराईपाली में रखी गई थी। ओडिशा से हेलीकॉप्टर देर से आने के कारण सिद्धू को रायपुर से निकलने में देर हो गई थी। बालापुर जाते समय उनके हेलीकॉप्टर का गेट खुल गया था। वहां से लौटकर रायपुर से डोंगरगढ़ जाने के लिए उड़े, तो बीच में मौसम दगा दे गया। इसके बाद उन्हें वापस रायपुर लौटना पड़ा। यही नहीं वे बिलाईगढ़ और सराईपाली नहीं जा पाए थे।
सिद्धू के निशाने पर मोदी, कहा- जाने वाले हैं बुरे दिन
सिद्धू ने शुक्रवार को दुर्ग लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत पाटन विधानसभा के ग्राम जामगांव एम में सभा की। उन्होंने अपने चिरपरिचित अंदाज में एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोला। उन्होंने मोदी को देश के इतिहास का सबसे बड़ा झूठा पीएम बताते हुए कहा कि उनकी फिल्म फेंकू नंबर वन कुछ ही दिनों में आने वाली है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि बुरे दिन जाने वाले हैं और राहुल आने वाले हैं।
मोदी केवल अमीरों का कर्जा माफ करते हैं
सिद्धू ने इस दौरान कहा कि मोदी पहले प्रधानमंत्री बने फिर चौकीदार बन गए। आज भी देश के लोग 15 लाख रुपये का इंतजार कर रहे हैं। मोदी केवल अमीरों का कर्जा माफ करते हैं। गरीब और किसान उनके लिए महत्वपूर्ण नहीं हैं। उन्होंने कहा कि देश में सब राम भरोसे चल रहा है। सब झूठ पर चल रहे हैं। लेकिन भगवान का यदि किसी पर हाथ है तो वह है दुर्ग वालों पर...। सिद्धू ने कहा कि दुर्ग लोकसभा में पहली बार कोई महिला प्रत्याशी मैदान में है। इस उन्होंने नारी शक्ति का सम्मान बताया। उन्होंने नोटबंदी को देश के खिलाफ बताते हुए कहा कि यह मोदी सरकार का काला फैसला था, जिसमें सैकड़ों लोगों की जान तक चली गई। सिद्धू ने छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री अजीत जोगी को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जोगी सत्ता के लोभी हैं, तो वो कहां से जोगी हुए। कांग्रेस में रहते हुए भी वो कांग्रेस को नुकसान पहुंचाते रहे।
भूपेश सरकार की तारीफ
कांग्रेस के स्टार प्रचारक सिद्धू ने भूपेश सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में सरकार बनते ही दो घंटे में किसानों का कर्ज माफ कर दिया गया। समर्थन मूल्य बढ़ाया और बोनस भी दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार आते ही छत्तीसगढ़ में पांच साल में 50 साल का विकास होगा। घर बैठे गरीब परिवारों को 72 हजार रुपये सालाना मिलेगा।