साधु-संतों ने दिग्विजय के समर्थन में किया रोड शो, लगे 'हर-हर मोदी' के नारे
भोपाल से कांग्रेस के प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के रोड शो के दौरान भगवा साफा पहने पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
नईदुनिया, भोपाल। मध्य प्रदेश की भोपाल लोकसभा सीट पर अलग-अलग चुनावी रंग दिखाई दे रहे हैं। बुधवार को कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में दो हजार से ज्यादा साधु-संतों ने रोड शो किया। हर-हर महादेव की गूंज के साथ अधिकांश साधु एक हाथ में कांग्रेस का झंडा तो दूसरे हाथ में भगवा ध्वज लिए हुए थे। रोड शो की अगुआई महामंडलेश्वर कंप्यूटर बाबा और दिग्विजय सिंह कर रहे थे।
रोड शो के दौरान उस वक्त अजीब स्थिति बन गई, जब एक स्थान पर कुछ लोगों ने 'हर-हर मोदी' के नारे लगाने शुरू कर दिए। हालांकि, इस दौरान कोई विवाद नहीं हुआ, लेकिन बाद में पुलिस ने आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज कर लिया। सुबह करीब 10 बजे कईं साधु-संन्यासी बसों से अल्पसंख्यक बाहुल्य उत्तर विधानसभा के इमामी गेट पर पहुंचे। हाथों में कांग्रेस का झंडा, हर-हर नर्मदे और हर-हर महादेव के नारों लगाने के साथ पैदल रोड शो शुरू हुआ, जो कफ्र्यू वाले मंदिर तक पहुंचा। यहां दिग्विजय सिंह ने पत्नी के साथ पूजा-अर्चना की।
इस दौरान दिग्विजय भी जय सियाराम के जयकारे के साथ लोगों का अभिवादन करते नजर आए। रोड शो चौक बाजार, जुमेराती, घोड़ानक्कास से होते हुए नादरा बस स्टैंड चौराहा तक चला। कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर मढ़ा आरोप रोड शो के दौरान कुछ लोगों ने हर-हर मोदी के नारे लगाए तो कांग्रेस ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर इसका आरोप मढ़ दिया। कुछ लोगों का यह भी दावा है किरोड शो में मौजूद कुछ साधु-संतों ने भी मोदी के समर्थन में 'हर-हर मोदी' के नारे लगाए हैं। उधर, पुलिस ने आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए 11 लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। यह साफ नहीं है कि नारे लगाने वाले लोग किसी राजनीतिक दल से जुड़े थे या नहीं।
कोतवाली पुलिस ने नारे लगाने वालों के खिलाफ पीपुल्स रिप्रजेंटेशन एक्ट की धारा 127 और आइपीसी की धारा 147 के तहत भी मामला दर्ज किया है। जिन लोगों पर मामला दर्ज हुआ है, उनमें कल्लू, राजेश, घनश्याम और पप्पू सहित सात अज्ञात लोग शामिल हैं।
सिविल ड्रेस में भगवा पहने तैनात रही पुलिस
साधु-संन्यासियों के रोड शो को लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे। इस दौरान अधिकांश पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में भगवा गमछा पहने तैनात किए गए। महिला पुलिस भी छात्राओं की वेशभूषा में दिखाई दीं। दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन नईदुनिया से बातचीत के दौरान नाम न छापने की शर्त पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के आदेश पर 50 से अधिक जवान यहां तैनात किए गए। महिला पुलिसकर्मियों की संख्या भी इतनी ही थी।
साध्वी प्रज्ञा ने मोदी समर्थकों पर केस दर्ज करने को गलत बताया
भाजपा प्रत्याशी साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मोदी के समर्थन में नारे लगाने वालों पर केस दर्ज करना गलत है। पूरा देश मोदी को चाहता है। उन्होंने आरोप लगाया है कि पुलिस वालों को भगवा पटका पहनाकर रोड शो में भीड़ बढ़ाई गई थी।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप