Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase 5 LIVE Updates: 7 राज्‍यों की 51 सीटों पर 62.56 फीसद हुआ मतदान

लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान संपन्‍न हो गया है। इस दौर में भी पश्चिम बंगाल और जम्‍मू-कश्‍मीर में हिंसक घटनाएं हुईं लेकिन अन्‍य राज्‍यों में मतदान शांतिपूर्ण रहा।

By Tilak RajEdited By: Published: Mon, 06 May 2019 06:55 AM (IST)Updated: Mon, 06 May 2019 08:08 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 5 LIVE Updates: 7 राज्‍यों की 51 सीटों पर 62.56 फीसद हुआ मतदान
Lok Sabha Election 2019 Phase 5 LIVE Updates: 7 राज्‍यों की 51 सीटों पर 62.56 फीसद हुआ मतदान

नई दिल्‍ली, जेएनएन। Lok Sabha Election 2019 Phase 5 लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए आज 7 राज्यों की 51 सीटों पर मतदान हुआ। शाम करीब छह बजे तक हुई वोटिंग के दौरान कुल 62.56 फीसद मतदान हुआ है। इस चरण में भाजपा और कांग्रेस पार्टी के कई दिग्‍गजों की साख दांव पर लगी थी। इनमें गृहमंत्री राजनाथ सिंह, यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शामिल हैं। इनकी किस्‍मत का फैसला अब ईवीएम में कैद हो गया है। भाजपा के लिए यह चरण इसलिए भी महत्‍वपूर्ण था, क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव उसे 51 में से 40 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर ही जीत मिली थी। पांचवें चरण में उत्तर प्रदेश की 14, राजस्थान की 12, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की सात-सात, बिहार की पांच और झारखंड की चार सीटों के लिए मतदान हुआ। जम्मू-कश्मीर में लद्दाख सीट के लिए भी वोटिंग हुई। वहीं, अनंतनाग सीट के लिए भी पुलवामा और शोपियां जिले में वोट डाले गए।

loksabha election banner

LIVE Updates...

08:07 PM: शाम छह बजे तक सात राज्य की 51 लोकसभा सीटों के लिए कुल 62.56 फीसद मतदान हुआ है।

17:40 PM: भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता लॉकेट चटर्जी की कार आज सुबह कुछ लोगों ने तोड़ दी। अब वह हुबली के डीएम के ऑफिस के बाहर धरना देकर बैठी हैं।

17:20 PM: झारखंड के चाइबासा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश अस्थिरता नहीं चाहता, एक स्थिर और मजबूत सरकार चाहता है। देश एक मजबूर और रिमोट से चलने वाला प्रधानमंत्री नहीं चाहता बल्कि एक मजबूत और दमदार प्रधानमंत्री चाहता है।

17:06 PM: पश्चिम बंगाल में टीएमसी के हावड़ा से सांसद प्रसून बनर्जी की सुरक्षाबलों के साथ पोलिंग बूथ नंबर 49 और 50 पर हाथापाई हुई। राज्‍य की 7 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल के कई मतदान केंद्रों पर भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच भिड़ंत हुई।

16:46 PM: मध्‍य प्रदेश में नरसिंहपुर के एक बूथ में दिव्‍यांग निधि ने अपने पैरों से मतदान किया। मतदान के लिए स्‍याही का निशान भी उन्‍होंने अपने पैर की अंगुली पर लगवाया।

16:35 PM: सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि उन्होंने (भारतीय जनता पार्टी) जब मुझे अपने पार्टी चिन्‍ह पर चुनाव लड़ने को कहा तो राज्य सरकार में मंत्री पद से 13 तारीख की रात में मैंने इस्तीफा दे दिया। हमने यहां तक कहा था कि हम केवल अपने चुनाव चिन्‍ह पर चुनाव लड़ेंगे, चाहे एक सीट पर लड़ने दिया जाए। वे इसके लिए भी तैयार नहीं हुए। मेरा इस्तीफा भी स्वीकार नहीं किया गया है। अब मैंने इसकी शिकायत चुनाव आयोग से की है।

16:15 PM: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए मतदान जारी है। दोपहर 4 बजे तक मध्‍य प्रदेश की 7 सीटों पर कुल 53.84 फीसद वोटिंग हो चुकी है। आज 7 राज्‍यों की कुल 51 सीटों पर मतदान हो रहा है।

15:40 PM: लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए जारी मतदान में दोपहर 3 बजे तक जम्‍मू-कश्‍मीर में कुल 15.64 मतदान हो चुका है। वहीं, दोपहर 3 बजे तक बिहार में 44.08 फीसद, मध्य प्रदेश में 53.37 फीसद, राजस्थान में 50.39 फीसद, पश्चिम बंगाल में 62.79 फीसद और झारखंड में 58.83 फीसद मतदान हुआ है। अब तक कुल वोटिंग 50.56 फीसदी।

15:21 PM: जम्मू-कश्मीर: कश्मीरी पंडितों के लिए उधमपुर में विशेष मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां उन्होंने अपना वोट डाला। 3 बजे तक जम्मू-कश्मीर में कुल 15.64 प्रतिशत मतदान हुआ।

13:43 PM: भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धौनी ने झारखंड के रांची में जवाहर विद्या मंदिर स्‍कूल में बने पोलिंग बूथ में वोट डाला। वह वोट डालने के लिए परिवार के साथ पहुंचे।

13:19 PM: आम आदमी पार्टी के बागी विधायक देविंदर कुमार सहरावत ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण कर ली है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री विजय गोयल भी मौजूद रहे हैं। सहरावत के काफी समय से भाजपा में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थीं।

13:10 PM: लोकसभा चुनाव के 5वें चरण में दोपहर 1 बजे तक बिहार में 24.49%, जम्‍मू-कश्‍मीर 6.54%, राजस्‍थान में 33.82%, मध्‍य प्रदेश में 31.46%, उत्‍तर प्रदेश में 26.53%, पश्चिम बंगाल में 39.55% और झारखंड में 37.24 फीसद मतदान हो चुका है। 7 राज्‍यों की 51 सीटों पर अभी तक कुल 31.29 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

12:50 PM: सहारा प्रमुख सुब्रत रॉय ने लखनऊ के एक पोलिंग बूथ पर अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया।

12:30 PM: फिल्‍म अभिनेता आशुतोष राणा ने मध्‍य प्रदेश के नरसिंहपुर में गदरवाड़ा के पोलिंग बूथ नंबर 105 पर मतदान किया। इसके बाद उन्‍होंने पोलिंग बूथ से बाहर निकलकर अपनी अंगुली पर लगा स्‍याही का निशान दिखाया और लोगों को वोट करने के लिए प्रेरित किया।

12:23 PM: झारखंड के पूर्व मुख्‍यमंत्री अर्जुन मुंडा ने अपनी पत्‍नी मीरा मुंडा के साथ वोट डाला। इस राज्‍य में आज लोकसभा की 4 सीटों पर चुनाव हो रहा है।

12:10 AM: झारखंड में अंतरराष्‍ट्रीय तीरंदाज मधुमिता ने वेस्ट बोकारो के राजीव नगर स्थित बूथ संख्या 140 में किया मतदान। राज्‍य की 4 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है।

11:55 AM: रायबरेली में भाजपा प्रत्याशी दिनेश सिंह कांग्रेस की प्रत्याशी सोनिया गांधी के प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा का केंद्रीय विद्यालय में जब आमना-सामना हुआ तो दिनेश सिंह ने केएल शर्मा के पैर छूकर आशीर्वाद मांगा।

11:31 AM: सुबह के 11 बजे तक झारखंड में 29.49 % मतदान हो चुका है जो कि अन्य सात राज्यों कि तुलना में दूसरे स्थान पर है। इस सूची में सबसे ऊपर पश्चिम बंगाल 32.67% के साथ बना हुआ है। झारखंड के चार लोकसभा क्षेत्रों में आज सुबह 11 बजे तक लगभग 29.49% मतदान हो चुका है। इसमें रांची में 30.80%, हज़ारीबाग़ में 29.05%, कोडरमा में 30.80 % तथा खूंटी में 27.21% मतदान हो चुका है।

11:12 AM: मध्‍य प्रदेश में एक शख्‍स पिता का अंतिम संस्‍कार करने के बाद मतदान करने पहुंचा। आज सुबह ही उनके पिता का निधन हुआ था। ऐसे शख्‍स ही मतदान के महत्‍व और लोकतंत्र की शक्ति को समझते हैं।

10:59 AM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के दौरे पर हैं। पीएमओ सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी ओडिशा की तरह पश्चिम बंगाल में भी आज चक्रवाती तूफान फणि के बाद उत्पन्न स्थिति के लिए समीक्षा बैठक करना चाहते थे, इसके लिए वहां की सरकार को पत्र भी लिखा गया। राज्य सरकार ने जवाब में कहा कि सरकारी अधिकारी चुनाव ड्यूटी में बिजी हैं, इसलिए समीक्षा बैठक नहीं हो सकती।

10:43 AM: लोकसभा चुनाव 2019 के 5वें चरण के लिए सुबह 10 बजे तक बिहार में 11.51%, जम्मू-कश्मीर में 1.36%, मध्य प्रदेश में 13.18%, राजस्थान में 14%, पश्चिम बंगाल में 16.56% और झारखंड में 13.46% मतदान हुआ है। आज 7 राज्‍यों की 51 सीटों पर मतदान हो रहा है।

10:21 AM: केंद्रीय मंत्री स्‍मृति ईरानी का आरोप है कि कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी अमेठी में बूथ कैप्‍चरिंग करा रहे हैं। उन्‍होंने बताया कि इस बात की सूचना उन्‍होंने प्रशासन और चुनाव आयोग को कर दी है। अब जनता को निर्णय लेना है कि इस तरह की राजनीति को क्‍या कहा जा सकता है?

10:05 AM: बिहार के छपरा में पोलिंग बूथ के अंदर ईवीएम को तोड़ने के आरोप में रंगीत पासवान को गिरफ्तार किया गया है। पासवान ने ईवीएम को क्‍यों तोड़ा, अभी इस बात की जानकारी नहीं मिल पाई है। बिहार की 5 लोकसभा सीटों पर आज मतदान हो रहा है। 

9:45 AM: लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण के लिए उत्तर प्रदेश की 14 सीटों पर सुबह 9 बजे तक 9.76 फीसद मतदान हुआ है। लोकसभा चुनाव के 5वें चरण के लिए सुबह 9 बजे तक उत्तर प्रदेश के धौरहरा में 11.09%, सीतापुर में 11.11%, मोहनलाल गंज में 9.22%, लखनऊ में 8.78%, रायबरेली में 9.95% और अमेठी में 8.17% मतदान हुआ। वहीं, बांदा में 9.98%, फतेहपुर में 8.85%, कौशांबी में 10.92%, बाराबंकी में 9.84%, फैजाबाद में 9.80%, बहराइच में 10.20%, कैसरगंज में 9.40% और गोंडा में 9.50% मतदान हुआ।

9:42 AM: झारखंड में केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्‍मीदवार जयंत सिन्‍हा ने हजारीबाग में एक पोलिंग बूथ पर पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया है। सिन्‍हा के सामने मैदान में कांग्रेस गोपाल साहू और और सीपीआइ के भूवनेश्‍वर प्रसाद महता हैं।

9:29 AM: बिहार में पांचवें चरण का चुनाव जारी है। सुबह 9 बजे तक कुल 8.95 % हुआ मतदान। सीतामढ़ी में 7.2% मतदान, मधुबनी में 9.2% मतदान, सारण में 9 बजे तक 13% मतदान हाजीपुर में 9% मतदान और मुजफ्फरपुर में 6.35% मतदान हुआ है।

9:18 AM: झारखंड में एक शख्‍स अपनी 105 वर्षीय मांग को गोद में लेकर हजारीबाग के पोलिंग बूथ नंबर 450 पर पहुंचे। महिला ने बताया कि मतदान का इस्‍तेमाल सभी को करना चाहिए। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में बुजुर्गों में भी मतदान के प्रति काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है।

9:06 AM: जम्‍मू-कश्‍मीर के अनंतनाग सीट पर जारी वोटिंग के दौरान पुलवामा में आतंकियों ने रोहमू पोलिंग बूथ पर ग्रेनेड से हमला किया है। बताया जा रहा है कि इस हमले में एक जवान घायल हो गया है।

8:59 AM: भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने लखनऊ में अपने मताधिकार का इस्‍तेमाल किया। वह आम लोगों की तरह मतदान करने के लिए कतार में लगे और अपनी बारी आने के बाद ही वोट किया। 

8:50 AM: पश्चिम बंगाल में पांचवें चरण में भी हिंसा की खबरें आ रही हैं। बैरकपुर में भारतीय जनता पार्टी और टीएमसी के कार्यकर्ता भिड़ गए हैं। भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने टीएमसी कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि भाजपा नेता घायल भी हुए हैं।

8:39 AM: झारखंड में लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण की चार सीटों रांची, खूंटी, कोडरमा तथा हजारीबाग में पूरे उत्‍साह से वोटिंग हो रही है। लोकतंत्र के उत्‍सव में शरीक होने यहां बड़ी संख्‍या में युवा और महिलाएं पहुंची हैं। दिव्‍यांग और बुजुर्ग मतदाताओं में भी भारी उत्‍साह देखा जा रहा है। पहले घंटे में करीब 10 फीसद मतदान होने की सूचना है।

8:26 AM: झारखंड कोडरमा में वोट देने के बाद अंगुली पर लगा स्‍याही का निशान दिखातीं भाजपा प्रत्‍याशी अन्‍नपूर्णा देवी।

8:16 AM: जम्‍मू-कश्‍मीर में चुनाव को लेकर मतदाताओं के काफी उत्‍साह देखने को मिल रहा है। अनंतनाग सीट पर तीन चरणों के चुनाव का आज आखिरी दौर है। यहां पुलवामा के खीरू इलाके में वोट करने पहुंचे लोगों की लंबी कतार लगी नजर आ रही है।

8:05 AM: उत्‍तर प्रदेश के लखनऊ में बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती अपना वोट डालने पहुंची। वोट डालने के बाद मायावती के चेहरे पर मुस्‍कान दिखी। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्‍होंने मतदाताओं के वोट करने की अपील की है।

7:55 AM: पश्चिम बंगाल में ईवीएम और वीवीपैट में खराबी की वजह से हावड़ा के बूथ नंबर 289/291/292 पर अभी तक वोटिंग प्रारंभ नहीं पाई है। चुनाव अधिकारी समस्‍या का समाधान करने में जुटे हैं।

7:40 AM: गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने लखनऊ के पोलिंग बूथ से अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्‍होंने गोमतीनगर बूथ पर अपने परिवार के साथ वोट डाला। राजनाथ सिंह लखनऊ से भाजपा उम्‍मीदवार हैं।

7:31 AM: राजस्‍थान के जयपुर में पोलिंग स्‍टेशन पर पत्‍नी गाय‍त्री राठौर के साथ मतदान करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री राज्‍यवर्धन सिंह राठौर। राजस्थान की जयपुर ग्रामीण सीट से राठौर चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ ओलंपियन कृष्णा पूनिया को चुनाव मैदान में उतारा है।

7:15 AM: झारखंड में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा और उनकी पत्नी निलिमा सिन्हा मतदान करने के लिए पोलिंग बूथ पर पहुंचे। बूथ के बाहर कतार लंबी है, इसलिए उन्‍हें बैठने के लिए कुर्सी दी गई।

7:09 AM: इस बार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मतदाताओं से आज बड़ी सख्या में मतदान करने की अपील की है। पीएम ने ट्वीट करते हुए कहा कि एक वोट हमारे लोकतंत्र को समृद्ध करने और भारत के बेहतर भविष्य में योगदान देने का सबसे प्रभावी तरीका है। मुझे उम्मीद है कि मेरे युवा मित्र रिकॉर्ड संख्या में मतदान करेंगे।

7:03 AM: 7 राज्यों की 51 सीटों पर मतदान शुरू हो गया है। भाजपा के लिए यह चरण इसलिए भी महत्‍वपूर्ण है, क्योंकि 2014 के लोकसभा चुनाव उसे 51 में से 40 सीटें मिली थीं। वहीं, कांग्रेस को सिर्फ दो सीट पर ही जीत मिली थी।

पांचवें चरण के लिए कुल 94,000 मतदान केंद्र और बूथ बनाए गए हैं। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस चरण के साथ ही कुल 424 लोकसभा सीटों पर मतदान संपन्न हो जाएगा। 12 और 19 मई को आखिरी दो चरणों में 118 सीटों के लिए मतदान होगा। 23 मई को मतगणना होगी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.