Loksabha Election 2019 : योगी की आज सलेमपुर, बांसगांव और गोरखपुर में होंगी सभाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सलेमपुर बांसगांव और गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
लखनऊ, जेएनएन। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को सलेमपुर, बांसगांव और गोरखपुर में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह महराजगंज और कुशीनगर में होंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे मनियर इंटर कालेज बांसडीह (बलिया) में सलेमपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रवींद्र कुशवाहा, दोपहर 12.30 बजे सर्वोदय इंटर कालेज कौड़ीराम (गोरखपुर) में बांसगांव सीट से प्रत्याशी कमलेश पासवान और दोपहर 1.30 बजे हरपुर बुदहट में गोरखपुर से प्रत्याशी रवि किशन के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे।
राजनाथ सिंह शुक्रवार को दोपहर दो बजे राजा रतन सेन इंटर कालेज निचलौल में महराजगंज लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पंकज चौधरी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद 3.30 बजे रामकोला चीनी मिल के पास स्थित मैदान पर कुशीनगर लोकसभा सीट से पार्टी प्रत्याशी विजय दूबे के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री एवं प्रदेश चुनाव प्रभारी जगत प्रकाश नड्डा वाराणसी में संगठनात्मक बैठकें लेेंगे।
केंद्रीय संचार मंत्री मनोज सिन्हा सुबह 11 बजे ग्राम करहा गुरादरी मठ मुहम्मदाबाद में घोसी लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी हरिनारायण राजभर के समर्थन में जनसभा को संबोधित करेंगे। केंद्रीय मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौर वाराणसी में जनसभा करने के साथ पूर्व सैनिकों के सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी दुष्यंत गौतम राबर्टसगंज में, सरकार के मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य कुशीनगर में, दारा सिंह चौहान घोसी में और एसपी सिंह बघेल चंदौली में चुनावी सभाएं करेंगे। निषाद पार्टी के अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद गोरखपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप