Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019: छत्तीसगढ़ में हारी विधानसभा सीटों पर भाजपा का जोर

Lok Sabha Election 2019 छत्तीगसढ़ में भाजपा का ध्यान उन विधानसभा सीटों पर ज्यादा है जहां उसे हार मिली थी और ये उसका गढ़ मानी जाती हैं।

By TaniskEdited By: Published: Sat, 13 Apr 2019 06:19 PM (IST)Updated: Sat, 13 Apr 2019 06:19 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019:  छत्तीसगढ़ में हारी विधानसभा सीटों पर भाजपा का जोर
Lok Sabha Election 2019: छत्तीसगढ़ में हारी विधानसभा सीटों पर भाजपा का जोर

रायपुर, ब्यूरो। विधानसभा चुनाव में सूपड़ा साफ हो जाने के बाद छत्तीगसढ़ में भाजपा का ध्यान उन विधानसभा सीटों पर ज्यादा है जहां उसे हार मिली थी और ये उसका गढ़ मानी जाती हैं। दरअसल भाजपा को उम्मीद है कि वह लोकसभा चुनाव(Lok Sabha Election 2019) में वापसी कर सकती है। इसी वजह से भाजपा के स्टार प्रचारकों के दौरे इन क्षेत्रों में ज्यादा हो रहे हैं।

loksabha election banner

इन सीटों पर अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह की दस सभाएं हो चुकी हैं। इन विधानसभा सीटों पर 2018 के पहले भाजपा का कब्जा था। इस तरह से भाजपा अपनी शीर्ष नेताओं को उतारकर प्रदेश की पूर्व भाजपा सरकार के खिलाफ नाराजगी को दूर करना चाहती है। 

राजनीतिक पंडितों के अनुसार भाजपा ने स्टार प्रचारकों की सभाएं भी एक विशेष रणनीति के तहत कराई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बालोद में सभा हुई। इस चुनाव में भले ही बालोद सीट भाजपा के हाथ से निकल गई हो, लेकिन पिछले दो चुनाव में वहां से पार्टी को जीत मिलती रही है। यही नहीं, एक बड़ा वोटबैंक भी भाजपा का है। कांकेर लोकसभा से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी सांसद हैं। यहां पार्टी ने नए चेहरे मोहन मंडावी को मैदान में उतारने का फैसला किया है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की सभा राजनांदगांव लोकसभा के डोंगरगांव में कराई गई। यहां भी पहले भाजपा के विधायक रहे हैं। राजनांदगांव इसलिए भी मायने रखती है, क्योंकि यहां से पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह विधायक हैं और पिछले लोकसभा चुनाव में उनके बेटे अभिषेक सिंह सांसद चुने गये थे। पार्टी ने भले ही अभिषेक का टिकट काट दिया हो, लेकिन वे भाजपा उम्मीदवार संतोष पांडेय की जीत के लिए जमीनी स्तर पर काम करते नजर आ रहे हैं। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह की महासमुंद लोकसभा में दो सभाएं हो चुकी हैं। भाजपा पिछले दो बार से महासमुंद लोकसभा पर कब्जा बनाए हुए है। यहां से भाजपा को इसलिए भी उम्मीद है, क्योंकि लोकसभा की तीन विधानसभा महासमुंद, कुस्र्द और बिंद्रानवागढ़ में उनके विधायक जीते हैं। हाल ही में भाजपा के बागी विमल चोपड़ा को पार्टी ने अपने पाले में किया है। 

दूसरे चरण की सीट पर स्टार प्रचारकों की हो गई सभाएं 
भाजपा का चुनावी कैंपेन कांग्रेस की तुलना में बेहतर चल रहा है। पार्टी ने दूसरे चरण की तीनों लोकसभा सीट पर स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है। अब पार्टी तीसरे चरण की सीट पर भी स्टार प्रचारक उतार रही है। एक दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां तीन सभाएं कीं। ये सभाएं अंबिकापुर, जांजगीर-चांपा और अभनपुर में हुई। यहां तीसरे चरण में मतदान होना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोरबा और भाटापारा, अमित शाह की बिलासपुर के तखतपुर में सभा 16-17 अप्रैल को प्रस्तावित है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.