Lok Sabha Election 2019: पुरी संसदीय सीट पर बीजद, भाजपा और कांग्रेस प्रवक्ताओं के बीच है दिलचस्प मुकाबला
Lok Sabha Election 2019 भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी लोकसभा सीट पर तीनों प्रमुख दलों बीजू जनता दल भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं को मैदान में उतारा है।
पुरी, नितिन प्रधान। भगवान जगन्नाथ की इस नगरी को समेटे ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट पर चुनावी मुकाबला दिलचस्प हो गया है। किस पार्टी को जीत मिलेगी यह तो समय बताएगा, लेकिन एक बात लगभग तय है कि यहां विजयी होगा किसी न किसी पार्टी का प्रवक्ता ही। तीनों प्रमुख दलों बीजू जनता दल, भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने अपने प्रवक्ताओं को यहां से मैदान में उतारा है।
मूल रूप से बीजद की मजबूत जनाधार वाली इस सीट पर पिछले दो चुनावों से जीत हासिल कर रहे पिनाकी मिश्रा फिर मैदान में हैं। मिश्रा 2009 में कांग्रेस छोड़ कर बीजद में आए थे। दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा को टिकट दिया है जो चुनाव प्रचार के अनूठे तरीकों से इस सीट पर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं। जबकि कांग्रेस ने अपने प्रदेश कमेटी मीडिया सेल के प्रमुख सत्य प्रकाश नायक को मैदान में उतारा है। लगभग 14 लाख वोटर वाली इस लोकसभा सीट पर आमतौर पर 50 फीसद वोट बीजद को मिलते आए हैं।
पुरी लोकसभा सीट के तहत आने वाली सात विधानसभा सीटों में से पांच बीजद के पास हैं। भारतीय जनता पार्टी का रनपुर और चिल्का सीट पर मजबूत पकड़ है। चिल्का सीट से पार्टी ने अपने वर्तमान विधायक डॉ. बिभूति भूषण हरिचंद्रन के भतीजे पार्टी की प्रदेश इकाई के महासचिव पृथ्वीराज हरिचंद्रन को टिकट दिया है। इनके अतिरिक्त ब्रह्मगिरी विधानसभा क्षेत्र में भी इस बार भाजपा ने अपनी मौजूदगी दर्ज करायी है। पार्टी को यहां से इस बार अच्छी संख्या में समर्थन मिलने की उम्मीद है।
पात्रा के चलते भाजपा को बढ़त
संबित पात्रा की उम्मीदवारी के जरिए भाजपा ने इस बार शेष चार विस सीटों पर मौजूदगी दर्ज कराई है। पात्रा की लोकप्रियता उनकी प्रचार की शैली की वजह से काफी बढ़ी है। मतदाताओं के बीच कभी गीत गाकर तो कभी स्थानीय लोगों में घुल मिलकर पात्रा अपना प्रचार कर रहे हैं। बावजूद इसके भाजपा का पूरा चुनाव प्रधानमंत्री की लोकप्रियता के इर्दगिर्द केंद्रित है। विशेषकर युवा वर्ग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर
काफी उत्साह है। पुरी से 25 किमी दूर साखीगोपाल में संबित का इंतजार कर रहे सुदर्शन कहते हैं, ‘प्रधानमंत्री ने न सिर्फ देश की राजनीति को नई दिशा दी है, बल्कि उन्होंने पूरी दुनिया में भारत का नाम
ऊंचा किया है।’
पिछली बार बीजद को मिली थी जीत
साल 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजद के पिनाकी मिश्रा को पुरी में 5,23,161 मत मिले थे। जबकि दूसरे नंबर पर रहे कांग्रेस की सुचित्रा मोहंती को 2,59,800 वोट हासिल हुए थे। उन्हें मिश्रा के मुकाबले आधे यानी कुल मतों का 25 फीसद प्राप्त हुआ। भाजपा के अशोक साहू तीसरे स्थान पर रहे और उन्होंने 2,15,763 वोट हासिल किये, जो कुल वोट का 20 फीसद से कुछ अधिक है। वैसे इस सीट पर कांग्रेस छह बार जीत हासिल कर चुकी है जो अभी तक किसी भी पार्टी के लिए रिकॉर्ड है। बीजेपी के प्रदेश मंत्री जतिन मोहंती कहते हैं कि प्रधानमंत्री की लोकप्रियता ने बीजेपी का आधार काफी बढ़ाया है जिसके चलते पुरी में भी बीजेपी के वोट प्रतिशत में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।