Lok Sabha Election 2019: यूं ही नहीं मैडम का अचूक राजनीतिक निशाना... रायफल, बंदूक और रिवाल्वर सब चलाने में माहिर
कोडरमा लोस क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी करोड़पति उम्मीदवार हैं। उनके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है।
गिरिडीह, जेएनएन। अन्नपूर्णा देवी के राजनीतिक निशाने को मानना पड़ेगा। झारखंड प्रदेश राजद के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होते ही कोडरमा लोकसभा सीट से टिकट हासिल कर लिया है। वह भी झारखंड प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष कोडरमा के सांसद रवींद्र राय का टिकट काटकर। अन्नपूर्णा देवी हथियारों की शौकीन हैं। उनके पास एक नहीं तीन-तीन हथियार है।
कोडरमा लोस क्षेत्र से भाजपा की प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी करोड़पति उम्मीदवार हैं। उनके पास करोड़ों रुपये की संपत्ति है। नामांकन के दौरान शपथ पत्र में उन्होंने अपनी संपत्ति का विवरण दिया है। शपथ पत्र के अनुसार अन्नपूर्णा के पास नकदी नौ लाख 25 हजार रुपये है। बैंकों व अन्य वित्तीय संस्थाओं में निवेश, वाहन तथा अन्य चल संपत्ति करीब दो करोड़ 22 लाख 91 हजार 844 रुपये की है। उनके पास सात करोड़ 47 लाख 20095 रुपये की अचल संपत्ति है। इसमें कृषि भूमि, गैर कृषि भूमि वाणिज्यिक व आवासीय भवन (अपार्टमेंट सहित) शामिल हैं। उनके पास इनोवा कार, मारुति कार व ट्रैक्टर और 15 लाख 21 हजार 232 रुपये के सोने के जेवरात भी हैं।
अन्नपूर्णा के पास तीन हथियार भी हैं, जिनमें रायफल, बंदूक और रिवाल्वर शामिल हैं। उन पर बैंकों, वित्तीय संस्थाओं आदि का ऋण 31 लाख 89 हजार 66 रुपये है। अन्नपूर्णा के आश्रित सौरभ के पास टाटा टियागो मोटर कार है। उसकी कीमत 5.65 लाख है, जबकि मयंक के पास 60 हजार रुपये कीमत की स्कूटी है।
कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा का मुकाबला झाविमो प्रमुख पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और माले के राजकुमार यादव से है। अब देखना है कि चुनाव में अन्नपूर्णा बाबूलाल और राजकुमार पर राजनीतिक निशाना साध विजयश्री प्राप्त कर पाती है या नहीं?