Loksabha Election 2019 : जानिए, प्रचार खर्च में कौन सा प्रत्याशी है सबसे आगे
कानपुर और अकबरपुर संसदीय क्षेत्र में अबतक सत्यदेव पचौरी और निशा सचान ने सर्वाधिक खर्च किया है।
कानपुर, जेएनएन। कानपुर संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सत्यदेव पचौरी और अकबरपुर सीट से गठबंधन उम्मीदवार निशा सचान चुनाव प्रचार के खर्च में सबसे आगे हैं। निर्वाचन आयोग की टीम ने खर्च का आकलन किया है, साथ ही प्रत्याशियों ने भी अपने खर्च का विवरण सौंपा है।
मुख्य कोषाधिकारी यशवंत सिंह के मुताबिक प्रेक्षक के रजिस्टर और उम्मीदवारों के खर्च रजिस्टर का मिलान करने पर सत्यदेव पचौरी ने प्रचार पर 13, 02,838 रुपये खर्च का दावा किया है जबकि प्रेक्षक की टीम का दावा है कि उनके द्वारा 13,38,016 रुपये खर्च किए गए हैं। इसी तरह खर्च में 35178 का अंतर मिला। अकबरपुर संसदीय क्षेत्र से गठबंधन प्रत्याशी निशा सचान ने प्रचार खर्च में 1204937 रुपये खर्च किए। प्रेक्षक की टीम ने भी इतना ही खर्च बताया।
वहीं भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र सिंह भोले ने 4,76,880 हजार रुपये खर्च की बात कही है जबकि प्रेक्षक की टीम का आकलन है कि उन्होंने अब तक 4, 78, 683 हजार रुपये व्यय किए हैं। इस तरह 1803 रुपये का अंतर मिला है। खर्च के मामले में कानपुर सीट से सपा-बसपा गठबंधन के उम्मीदवार राम कुमार दूसरे और कांग्रेस के श्रीप्रकाश जायसवाल तीसरे नंबर पर हैं। अकबरपुर संसदीय सीट पर कांग्रेस के राजाराम पाल दूसरे और भाजपा उम्मीदवार देवेंद्र सिंह तीसरे नंबर पर हैं। चौथे नंबर पर प्रसपा के महेंद्र सिंह यादव और पांचवें पर जनता दल यू के रवि सचान हैं। दोनों ही संसदीय सीटों पर 14-14 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि आयोग के आकलन और प्रत्याशियों द्वारा दिए गए विवरण में कुछ अंतर मिला है।