Vijay Sankalp Rally: जानिए PM MODI की जमुआ में भाषण की दस प्रमुख बातें
Modi public meeting पीएम ने कहा कि 21वीं सदी में पहली बार वोट डालने वाले युवा महामिलावट से सावधान रहें। देश की तरक्की में बाधक रही कांग्रेस ने हमेशा बरगलाने का काम किया है।
By mritunjayEdited By: Published: Mon, 29 Apr 2019 05:33 PM (IST)Updated: Mon, 29 Apr 2019 05:33 PM (IST)
जमुआ (गिरिडीह), जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ में भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया। संख्या की दृष्टि से रैली काफी प्रभावी रही। इससे उत्साहित प्रधानमंत्री ने जमकर विपक्ष पर हमले किए। साथ ही कोडरमा और गिरिडीह लोकसभा सीट पर भाजपा की विजय के लिए जनता को संकल्प कराया। जानिए रैली में प्रधानमंत्री के संबोधन की दस प्रमुख बातेंः-
- पीएम मोदी ने कहा कि आपके चौकीदार ने कोयला घोटाला, राशन घोटाला, टू जी घोटाला और न जाने कितने घोटाले-लूट करने वालों की सारी दुकानें बंद करा दी हैं। इसलिए इनलोगों ने चाैकीदार को गाली देने का रास्ता चुना है।
- पीएम ने कहा कि 21वीं सदी में पहली बार वोट डालने वाले युवा महामिलावट से सावधान रहें। देश की तरक्की में बाधक रही कांग्रेस ने हमेशा से लोगों को बरगलाया है। वे कल भी खेल खेलते थे, आज भी खेल खेल रहे हैं।
- उन्होंने कहा कि गठबंधन इसलिए बनाया कि सत्ता की डोर उनके हाथ में रहे और वे खिलौने की तरह जनता के साथ खेलते रहे।
- मोदी ने कहा कि ईमानदारी और नीयत साफ हो तो बिना लूट-खसोट वाली सरकार भी चल सकती है और देश विकास कर सकता है। आज इसी वजह से पूरा देश पूरे विश्वास के साथ अपने इस सेवक, अपने इस चौकीदार के साथ खड़ा है।
- उन्होंने कहा कि देश और देश की जनता के लिए महागठबंधन नहीं हुआ है। वे (विपक्ष) अपने भविष्य को बचाने में गठबंधन का खेल खेल रहे हैं। झारखंड की जनता गठबंधन वालों को अच्छी तरह जानती है। लूट के लिए कैसा गठबंधन बनाया था? लूट-खसोट को लेकर मुख्यमंत्री तक को जेल जाना पड़ा था।
- प्रधानमंत्री ने किसानों को साधने के लिए बड़ी बात कही। कहा, हम छोटे किसानों के खातों में सीधे पैसे जमा कर रहे हैं। हमने तय किया है कि अगली बार जब सरकार बनेगी तो पीएम किसान योजना का लाभ हर किसान को मिलेगा।
- पिछड़ा वर्ग आयोग को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा। कहा, पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलाने में उन्होंने कई रोड़े अटकाए। जहां इन्हें लाभ नहीं दिखता, ये उस तरफ देखते भी नहीं हैं।''
- कांग्रेस और महामिलावटियों के राज में किसानों को अपना गांव-घर छोड़ना पड़ा था। जिन गांवों में कभी लाल आतंक दिखता था, वहां अब लोग लौटने लगे हैं।
- अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि हम रेलवे के ईस्टर्न कॉरिडोर पर काम कर रहे हैं। सड़कों की स्थिति भी पहले से बेहतर हुई है।
- देश की सुरक्षा और सेना को लेकर मोदी ने विपक्ष की घेराबंदी की। कहा, सुरक्षाबलों के जवानों को नमन करता हूं। लेकिन कांग्रेस इन वीर बेटे-बेटियों को लेकर कहती है कि नौजवान दो वक्त की रोटी पाने के लिए सेना में भर्ती होते हैं। उनके पास खाने के लिए रोटी नहीं होती। मोदी ने सेना प्रमुख को गली का गुंडा कहने को लेकर भी कांग्रेस की खिंचाई की।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें