BJP के घोषणा पत्र पर कन्हैया का तंज, पहाड़ खोदने पर चुहिया तक नहीं निकली
लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। इसपर जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष व बेगूसराय से भाकपा प्रत्याशी कन्हैया कुमार ने तंज कसा है।
पटना [जेएनएन]। बिहार की बेगूसराय लोकसभा सीट पर पूरे देश की नजर है। यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के फायरब्रांड नेता व केंद्र कर पीएम मोदी सरकार में मंत्री गिरिराज सिंह व भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) नेता व पीएम मोदी की नीतियों के विरोधी कन्हैया कुमार आमने-सामने हैं। दोनों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और बयानबाजी की ताजा कड़ी है कन्हैया कुमार का भाजपा के चुनाव घोषण्ाा पत्र पर तंज। कन्हैया ने ट्वीट कर कहा है कि खोदा पहाड़ लेकिन चुहिया तक नहीं निकली।
कन्हैया कुमार ने कहा कि भाजपा ने पिछले चुनाव में इतने जुमले गिरा दिए कि इस बार जनता के सामने ठीक से जुमले भी नहीं पेश कर पाई। यही वजह है कि उसे घोषणा पत्र की जगह संकल्प पत्र जारी करना पड़ रहा है। लेकिन हुआ क्या, पहाड़ खोदने पर चुहिया तक नहीं निकली।
विदित हो कि कन्हैया कुमार जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष हैं। उनके जेएनयू छात्रसंघ का अध्यक्ष रहते वक्त वहां एक कार्यक्रम में देशविरोधी नारे लगे थे। कन्हैया इस मामले में दर्जमुकदमे में देशद्रोह के आरोपित हैं। वे फिलहाल जमानत पर हैं। बिहार के बेगूसराय के मूल निवासी कन्हैया ने भाकपा की सदस्या ले ली। पार्टी ने उन्हें बेगूसराय से लोकसभा चुनाव का प्रत्याशी बनाया है।
बेगूसराय लोकसभा सीट पर कन्हैया का मुकाबला पीएम मोदी सरकार के मंत्री गिरिराज सिंह और महागठबंधन प्रत्याशी तनवीर हसन से है।