भाजपा का मिशन 2019ः 26 फरवरी को 22 करोड़ लाभार्थियों के घर जलेगी 'कमल ज्योति'
पूरे देश में 22 करोड़ लाभार्थियों के घर के आगे 26 फरवरी को दीपक जलाया जाएगा। भाजपा ने इसे कमल ज्योति का नाम दिया है।
नीलू रंजन, नई दिल्ली। 2019 की लड़ाई में 50 फीसद का आंकड़ा पार करने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में जुटी भाजपा की नजरें केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों पर है। इसके लिए पूरे देश में 22 करोड़ लाभार्थियों के घर के आगे 26 फरवरी को दीपक जलाया जाएगा। भाजपा ने इसे 'कमल ज्योति' का नाम दिया है। इससे पहले 15 फरवरी से भाजपा के सभी कार्यकर्ता और समर्थक अपने-अपने घरों के बाहर पार्टी का झंडा लगाकर आगामी चुनाव में मोदी के समर्थन का ऐलान करेंगे।
भाजपा के चुनावी रणनीतिकारों का मानना है कि अलग-अलग राज्यों में विरोधी दलों के गठबंधनों की काट के लिए 50 फीसदी वोटों का लक्ष्य साधना होगा। जबकि पिछले चुनाव में भाजपा को एक तिहाई से भी कम वोट मिले थे। यदि केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थी मोदी के पक्ष में आते हैं, तो भाजपा का पलड़ा सब पर भारी हो सकता है। उज्ज्वला, सौभाग्य, आयुष्मान भारत, मुद्रा लोन, प्रधानमंत्री आवास जैसी योजनाओं से पूरे देश में 22 करोड़ परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। लेकिन सबसे बड़ी चुनौती इन परिवारों तक पहुंचने और उन्हें ब्रांड मोदी से जोड़ने की थी।
भाजपा ने उनकी पहचान तक उन तक पहुंचने की पूरी योजना तैयार कर ली है। इसके लिए भाजपा कार्यकर्ताओं को सभी 22 करोड़ परिवारों तक पहुंचने की जिम्मेदारी सौंपी जा चुकी है। ये कार्यकर्ता लाभार्थियों तक पहुंचकर उन्हें मोदी के समर्थन में 26 फरवरी को घर के बाहर दीपक जलाने का आग्रह करेंगे। पूरे देश में छह से आठ बजे तक दीपक जलाने का समय तय किया गया है। पूरे देश में एक साथ 22 करोड़ घरों के बाहर दीपक जलाकर भाजपा यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने किस तरह समाज के सबसे गरीब और विकास की दौड़ में पीछे छूट गए तबके के जीवन को बदलने में अहम भूमिका निभाई है।
लाभार्थियों तक पहुंचने के पहले भाजपा अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को भी अपने घरों के ऊपर झंडा लगाकर आगामी चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन का इजहार करने के लिए कहेगी। इसके लिए 15 फरवरी का दिन तय किया गया है।