Lok Sabha Election 2019: हेलीकाप्टर के दुरुपयोग पर झामुमो की चुनाव आयोग से गुहार
Lok Sabha Election 2019. झामुमो ने चुनाव आयोग से सरकारी हेलीकाप्टर का दुरुपयोग रोकने की गुहार लगाई है। पार्टी ने सीएम पर आचार संहिता उल्लंघन का भी आरोप लगाया है।
रांची, राज्य ब्यूरो। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने मुख्यमंत्री रघुवर दास पर आदर्श चुनाव आचार संहिता उल्लंघन का आरोप लगाया है। पार्टी महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास सरकारी हेलीकाप्टर का दुरुपयोग कर रहे हैं। 11 मार्च को सरकारी हेलीकॉप्टर से वे जमशेदपुर गए और उन्होंने वहां भाजपा की बैठक में भाग लिया।
13 मार्च को वे विधायक मनीष जायसवाल के साथ विधायक जानकी यादव की पुत्री के विवाह समारोह में शिरकत करने हजारीबाग गए। वे सरकारी हेलीकाप्टर से फिर रांची वापस आए। आदर्श चुनाव आचार संहिता के प्रभावी होने के 120 घंटे बाद भी राजधानी रांची सहित संपूर्ण राज्य के विभिन्न सरकारी उपक्रमों विशेषकर चिकित्सा संस्थानों और शिक्षा संस्थानों में प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की तस्वीरें योजनाओं के प्रचार-प्रसार के विज्ञापन में यथावत है।
जयंत सिन्हा को ठहराएं अयोग्य
झामुमो ने केंद्रीयमंत्री जयंत सिन्हा की भी शिकायत की है। आरोप है कि उन्होंने 16 मार्च को आइआइएम के समारोह में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और छात्रों को अपने 15 मिनट के संबोधन में 12 मिनट तक केंद्र सरकार की तारीफ के पुल बांधे।
इस कार्यक्रम में उन्होंने सभी से भाजपा के पक्ष में लोकसभा चुनाव में मतदान करने की अपील कर आदर्श चुनाव आचार संहिता की धज्जियां उड़ाई। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने चुनाव आयोग से मांग की है कि केंद्रीय मंत्री को चुनाव लडऩे के लिए अयोग्य घोषित किया जाए। इसके अलावा चुनाव आयोग सरकारी हेलीकाप्टर के दुरुपयोग पर अंकुश लगाए।