Lok Sabha Election 2019 : झामुमो प्रत्याशी चंपई को अस्पताल से मिली छुट्टी
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र से महागठबंधन के झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन को स्वस्थ में सुधार होने के बाद टाटा मुख्य अस्पताल से छुट्टी मिली।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर संसदीय क्षेत्र से महागठबंधन के झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन को स्वस्थ में सुधार होने के बाद टाटा मुख्य अस्पताल से छुट्टी मिली। शनिवार को तबियत खराब होने के बाद उनके समर्थकों ने इलाज के लिए टीएमएच में दाखिल कराया था।
उन्हें शूगर के साथ डीहाईड्रेशन की शिकायत थी। अस्पताल में इलाजरत सरायकेला के विधायक चंपई सोरेन की तबीयत में सुधार के बाद सोमवार की शाम उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद वे कदमा स्थित आवास गए और सहयोगियों से मिलकर चुनाव प्रचार को लेकर चर्चा किए। चंपई सोरेन के तबियत खराब होने के बाद महागठबंधन का चुनाव प्रचार लगभग ठप पड़ गया था। सभी नेता और कार्यकर्ता उनके तबियत को लेकर चिंतित थे।
अब निकलेंगे प्रचार पर
झामुमो के केंद्रीय सदस्य महावीर मुर्मू ने बताया कि मंगलवार से वे क्षेत्र में चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगे। सोमवार को अस्पताल में उनसे मिलने ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद कुमार सिंह उर्फ मलखान सिंह, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष रवींद्र झा उर्फ नट्टू झा, तरुण मित्र मंडली के सदस्य समेत कई राजनीतिक दलों के नेता समेत सामाजिक संगठनों के लोग पहुंचे।