Lok Sabha Election 2019 : झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन ने दी चुनौती, गांव के शौचालयों में घुसकर दिखाएं अमित शाह
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर से झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन ने चुनौती दी कि सरकार द्वारा बनाए गए शौचालयों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह घुस कर दिखाएं।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन ने चुनौती दी कि सरकार द्वारा बनाए गए शौचालयों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह घुस कर दिखाएं। यदि घुस भी गए तो फिर निकल नहीं पाएंगे। चंपई की जीत सुनिश्चित करने के लिए विपक्षी गठबंधन के सभी दलों की बैठक बिष्टुपुर स्थित तिलक पुस्तकालय में हुई। इसकी अध्यक्षता चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष रविंद्र कुमार उर्फ नट्टू झा ने की।
चंपई सोरेन ने अपनी जीत तय बताते हुए कहा कि सरकार द्वारा बनाए गए शौचालयों में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह घुस कर दिखाएं। यदि घुस भी गए तो फिर निकल नहीं पाएंगे। उन्होनें नामांकन में गलत हलफनामा संबंधी आरोपों पर कहा कि निर्वाचन आयोग ने जब हलफनामा स्वीकार कर लिया है तो भाजपा के आरोप में क्या रखा है। भाजपा के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए नेता अनाप-शनाप आरोप लगा रहे हैं।
पीएम के रोड शो को बताया फ्लाप
उन्होंने मंगलवार को रांची में हुए प्रधानमंत्री के रोड शो को भी फ्लाप बताया। कहा कि रोड शो में भाजपा के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा था, आम जनता का नहीं। बैठक में झाविमो के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह, केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शशि मिश्रा, जिलाध्यक्ष बबुआ सिंह, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह, आनंद बिहारी दुबे सहित कांग्रेस, झामुमो व झाविमो के तमाम नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे।