मिशन 2019: सीटों को ले अभी तक द्वंद्व में मांझी-पप्पू, बड़ा सवाल: अब आगे क्या?
लोकसभा चुनाव की तिथि की घोषणा हो चुकी है लेकिन महागठबंधन में अभीतक सीटों का फैसला नहीं हुआ है। सीटों को लेकर जीतनराम मांझी और पप्पू यादव अभी तक द्वंद्र में फंसे हैं।
पटना, राज्य ब्यूरो। सीटों को लेकर महागठबंधन में नाराज चल रहे हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने संकेत दिए हैं कि भाजपा को हराने के लिए वह महागठबंधन के साथ ही बना रहेगा। दूसरी ओर जन अधिकार पार्टी (जाप) के संरक्षक और मधेपुरा सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि महागठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर होने वाली बैठक का फैसला आने के बाद वे अपना निर्णय जनता को बताएंगे।
सांसद पप्पू यादव ने कहा है कि महागठबंधन में यदि फैसला लालू प्रसाद लेंगे तो निश्चित रूप से एनडीए को चुनौती मिलेगी, लेकिन अगर राजद के अहंकारी नेतृत्व ने फैसला लिया तो खामियाजा उठाना पड़ सकता है। यादव ने कहा कि उनका आखिर फैसला महागठबंधन की बैठक के बाद आएगा। बैठक के बाद ही तय होगा कि उनकी पार्टी बिहार में कितनी और कौन सी सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने अपना फैसला जनता को बता दिया है। पप्पू ने कहा कि उनकी कोशिश है कि महागठबंधन का पहला दायित्व है कि वह देश बचाने के लिए अहंकार त्यागे।
इधर हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव संतोष मांझी ने कहा कि सीटों को लेकर महागठबंधन में कोई विवाद नहीं है। विवाद मीडिया के मन की उपज है। उन्होंने कहा कि हम के राष्ट्रीय अध्यक्ष जीतन राम मांझी ने साफ शब्दों में कहा है कि उनकी पहली प्राथमिकता नरेंद्र मोदी मुक्त भारत और नीतीश कुमार मुक्त बिहार बनाना है।
उन्होंने कहा हमारी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी इसका फैसला एक दो दिन में हो जाएगा। हमारी पार्टी सम्मानजनक सीटों पर लड़ेगी और जीतेगी। हमारा लक्ष्य चुनाव मैदान में महागठबंधन के प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराना है।