Lok Sabha Election 2019: CM रघुवर दास बोले, जेल के डर से हुआ महागठबंधन
Lok Sabha Election 2019. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लोहरदगा संसदीय क्षेत्र के कसीरा में चुनावी सभा में भाजपा के पक्ष में मतदान का आह्वान किया।
रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 - झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भ्रष्टाचार से समझौता करने वाले नहीं है। जिन लोगों ने भ्रष्टाचार किया है। वैसे लोगों ने ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को सत्ता में आने से रोकने के लिए महागठबंधन बनाया है। लोहरदगा संसदीय क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी सुदर्शन भगत के पक्ष में कसीरा गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने उक्त बातें कहीं।
सीएम ने कहा कि जब से कांग्रेस ने सत्ता संभाली तब से घोटालाें का लंबा दौर चला। कोयला घोटाला में फंसे और चारा घोटाला में फंसे होटवार जेल में बंद से मिलकर झारखंड में महागठबंधन किया है उन नेताओ को भय सता रहा है यदि नरेन्द्र मोदी फिर से सत्ता में लौटे तो बचे लोगों को भी जेल जाना होगा। इस कारण से सभी भ्रष्टाचारियों से मिलकर आपस में प्रधानमंत्री मोदी को हटाने के लिए यह महागठबंधन किया है, जो ठगबंधन है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब सत्ता से बाहर रहते हैं तो महागठबंधन के दलों को आदिवासी मूलवासी याद आते हैं। जब सत्ता में आते हैं तो बाहरी पूंजीपतियों को राज्य सभा का उम्मीदवार बनाते हैं। लेकिन भाजपा ही एक ऐसी पार्टी है जो आदिवासियों और मूलवासियों को सम्मान देने काम करता है। समीर उरांव को राज्य सभा के लिए चुना जाना इसका उदाहरण है।
उन्होंने जनता को आगाह करते हुए कहा कि जब हेंमत सोरेन सत्ता में आए तो मुंबई के कंपनी को बालू का ठेका दिया लेकिन जब उनकी सरकार आयी तो ग्राम पंचायतों को बालू का अधिकार दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र विरोधी शक्तियां उरी और पुलवामा में हुए आतंकी हमले के बाद मोदी सरकार द्वारा किए गए सर्जिकल एवं एयर स्ट्राइक का सबूत मांग रहे हैं। ऐसे दलों में कांग्रेस भी शामिल है, जो वंशवाद का पोषक है। उन्होंने लोगों से देश तोड़क शक्तियों को बैलेट से मुंहतोड़ जवाब देने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी मूलवासी का जमीन राष्ट्रविरोधियों ने सबसे ज्यादा हड़पने का काम किया है। सोरेन परिवार भी जमीन हड़पने वालों में से एक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के प्रत्याशी धर्मांतरण रोकने वाले विधेयक को चुनौती दे रहे हैं उनकी सरकार लोक लालच देकर धर्मांतरण कराने वाले का जबह होटवार जेल में आरक्षित कर दिया है।
मुख्यमंत्री ने केन्द्र व राज्य सरकार के योजनाओं की चर्चा करते हुए लोगों से भाजपा प्रत्याशी सुदर्शन भगत को जीताने की अपील की। इस सभा को भाजपा प्रत्याशी सुदर्शन भगत, विधायक शिवशंकर उरांव, प्रदेश भाजपा मंत्री मुनेश्वर साहु, जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष हीरा साहु, मंडल अध्यक्ष देवदत्त भारती, शिवदयाल गोप, कृष्णा साह ने संबोधित किया। जबकि गजेन्द्र साहु ने कार्यक्रम का संचालन किया।