Lok Sabha Election 2019 : बूथ टीम में बढ़ेगी गठबंधन के समर्थक दलों की भागीदारी
Lok Sabha Election 2019. जमशेदपुर संसदीय चुनाव में बाजी मारने को भाजपा व झामुमो ने बूथ टीम पर ज्यादा ध्यान देने की रणनीति बनाई है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 जमशेदपुर संसदीय चुनाव में बाजी मारने को भाजपा व झामुमो ने बूथ टीम पर ज्यादा फोकस है। दोनों पार्टियों ने बूथ टीम में समर्थक दलों की बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने की रणनीति बनाई है। मकसद हर हाल में अधिक से अधिक मतदान पक्ष में कराने का है। भाजपा व झामुमो के बूथ स्तर के कार्यकर्ता अतिथि कार्यकर्ताओं (समर्थक दल) का इंतजार कर रहे हैं।
दरअसल, भाजपा ने जहां आजसू, वहीं झामुमो ने कांग्रेस, झाविमो के साथ अन्य दलों के साथ तालमेल किया है। भाजपा की बूथ कमेटी पहले ही बन चुकी है, यह कमेटी अपने स्तर से कार्य कर रही है। इस कमेटी में अब आजसू कार्यकर्ताओं को जोड़ने का नया निर्देश मिला है। दोनों का संयुक्त प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया गया है। झामुमो का बूथ स्तरीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर समाप्त हो गया है, लेकिन उनके कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया है जब तक यूपीए का प्रशिक्षण शिविर न हो जाये तब तक प्रचार प्रसार का नेतृत्व पार्टी लेवल पर न करें। यूपीए का जिला स्तरीय बूथ प्रशिक्षण शिविर 21 अप्रैल को प्रस्तावित है। इसके बाद नए सिरे से इनका बूथ कमेटी का निर्माण होगा।
होगा समर्थक दलों का सम्मान
जमशेदपुर संसदीय चुनाव दोनों प्रमुख पार्टियों ने अपने-अपने मंडल अध्यक्ष को साफ तौर पर निर्देश दिया है कि वे अपने समर्थक दलों का सम्मान करें। जब प्रचार में निकलें तो उन्हें पूरी सूची दें, जहां उनकी पकड़ है वे पूरी तरह से उन्हें प्रोजेक्ट करें। प्रचार का नेतृत्व भी उन्हीं से कराएं।
विधानसभावार बूथों की संख्या
जमशेदपुर पूर्व : 293
जमशेदपुर पश्चिम : 329
जुगसलाई : 357
पोटका : 287
घाटशिला : 291
बहरागोड़ा : 264
कुल बूथ : 1834