Lok Sabha Election 2019: जम्मू-कश्मीर प्रदेश भाजपा जल्द जारी करेगी पार्टी का घोषणापत्र
भाजपा के घोषणापत्र में जम्मू कश्मीर को विशेष महत्व मिला है। पार्टी ने राज्य में अनुच्छेद 370 व 35 को हटाने के अपने संकल्प को दोहराया है।
जम्मू, राज्य ब्यूरो। भाजपा को घोषणा पत्र दिल्ली में जारी होने के बाद प्रदेश भाजपा भी राज्य में इस घोषणा पत्र को जारी करेगी। प्रदेश भाजपा ने घोषणा पत्र जारी करने की तैयारी कर रखी, अब दिल्ली से घोषणापत्र आने का इंतजार किया जा रहा है। दिल्ली में घोषणापत्र जारी होने के साथ ही हाईकमान इसकी कापियों को जल्द से जल्द अन्य राज्यों में भेजने की व्यवस्था कर रहा है। पहले चरण का मतदान 11 अप्रैल को हैं, ऐसे में इसकी कापियों का राज्यों में जल्द से जल्द पहुंचना जरूरी है।
भाजपा के घोषणापत्र में जम्मू कश्मीर को विशेष महत्व मिला है। पार्टी ने राज्य में अनुच्छेद 370 व 35 को हटाने के अपने संकल्प को दोहराया है। इसके साथ कश्मीरी पंडितों की घाटी सुरक्षित वापसी व पश्चिम पाकिस्तान, गुलाम कश्मीर व छंब के रिफ्यूजिओं के पुनर्वास के लिए आर्थिक सहयोग देने का अाह्वान किया गया है।
राज्य में विशेष दर्जा पहले से ही बड़ा मुद्दा बना हुआ है। कश्मीर केंद्रित दल विशेष दर्जे को केंद्र सरकार व भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। ऐसे में भाजपा के घोषणा पत्र से राजनीति गर्माना तय है। कश्मीर में पीडीपी, नेशनल कांफ्रेंस विशेष दर्जे को बरकरार रखने की मांग को लेकर पहले ही लोगों के बीच है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैना का कहना है कि जम्मू कश्मीर भाजपा के लिए बहुत अहमियत रखता है। इसका सबूत दिल्ली में जारी पार्टी का घोषणापत्र है। जैसे ही इसकी कापियां जम्मू पहुंचती है, इसे राज्य में जारी कर दिया जाएगा। विशेष दर्जा जम्मू कश्मीर की सभी समस्याओं का जनक है। इसके कारण ही राज्य में अलगाववाद को शह मिल रही है। इस हटाया जाएगा। भाजपा ने जम्मू कश्मीर के हालात को बेहतर बनाने की दिशा में कारगर कार्रवाई की है। ऐसे में आतंकवाद को सख्ती से निपटने की दिशा में कार्रवाई जारी रहेगी। पार्टी का रवैया स्पष्ट है कि देश के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई का मुंहतोड़ जवाब मिलेगा।