जेटली ने कहा- पश्चिम बंगाल में संवैधानिक व्यवस्था ध्वस्त होने का यह उत्कृष्ट मामला
चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार रात 10 बजे से पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार पर रोक लगाने के आदेश के समय पर माकपा ने सवाल उठाए हैं।
नई दिल्ली, प्रेट्र/आइएएनएस। पश्चिम बंगाल में चुनाव आयोग द्वारा प्रचार का समय घटाए जाने को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने संवैधानिक व्यवस्था ध्वस्त होने का उत्कृष्ट मामला करार दिया है। एक के बाद एक कई ट्वीट कर जेटली ने कहा, 'संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग ने पश्चिम बंगाल को प्रभावी रूप से अराजक राज्य करार दिया है।' उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती हिंसा, सरकार समर्थित उपद्रवी, पक्षपाती पुलिस और गृह विभाग का चुनाव आयोग ने उदाहरण दिया है। स्वतंत्र प्रचार संभव नहीं था इसलिए प्रचार का समय घटाया गया है।
अमित शाह के खिलाफ एफआइआर लोकतंत्र का मजाक
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने बुधवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने धमकाने के लिए सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया। गृह मंत्री की यह प्रतिक्रिया कोलकता में रोडशो के दौरान मंगलवार को हुई हिंसा के सिलसिले में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के खिलाफ एफआइआर दर्ज किए जाने के बाद आई है। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष के खिलाफ एफआइआर लोकतंत्र और उसकी प्रक्रिया का मजाक है।
भाजपा के डीएनए में संघीय फासीवाद : सिंघवी
कोलकाता कॉलेज में उपद्रव और ईश्वर चंद्र विद्यासागर की प्रतिमा तोड़े जाने की निंदा करते हुए कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि संघीय फासीवाद भाजपा के डीएनए में है। पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सदस्य और पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि सत्ता के भूखे मोदी और शाह भारतीय राज्यों की सांस्कृतिक पहचान खत्म करने पर उतारू हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ईश्वर चंद्र विद्यासागर जैसे राष्ट्रीय प्रतिरूपों की प्रतिमा तोड़े जाने की कड़ी निंदा करती है।
पीएम की रैलियां होने का इंतजार कर रहा चुनाव आयोग: अहमद पटेल
पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के समय में कटौती पर सवाल उठाते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने सवाल किया कि चुनाव आयोग क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियां पूरी होने का इंतजार कर रहा है। अहमद पटेल ने ट्वीट कर कहा, 'अगर पश्चिम बंगाल में स्थिति इतनी ही खराब है कि प्रचार रोक दिया जाना चाहिए तो चुनाव आयोग कल (गुरुवार) तक का इंतजार क्यों कर रहा है। क्या इसलिए क्योंकि कल प्रधानमंत्री की रैलियां निर्धारित हैं?'
माकपा ने भी प्रचार पर रोक के समय पर उठाए सवाल
चुनाव आयोग द्वारा गुरुवार रात 10 बजे से पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार पर रोक लगाने के आदेश के समय पर माकपा ने भी सवाल उठाए हैं। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने सवाल किया कि चुनाव आयोग ने यह समय इसलिए तय किया है ताकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य में पहले से दोपहर में तय रैलियों को संबोधित कर सकें। मोदी को गुरुवार को पश्चिम बंगाल के लक्ष्मीकांतपुर और दमदम में रैलियों को संबोधित करना है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप