Lok Sabha Election 2019: हिमाचल में मतदाता बढ़े, मतदान प्रतिशत नही
Lok Sabha Election 2019 हिमाचल में मतदाताओं की संख्या में तो इजाफा हुआ लेकिन मतदान प्रतिशत नही बढ़ सका।
By BabitaEdited By: Published: Sat, 20 Apr 2019 03:15 PM (IST)Updated: Sat, 20 Apr 2019 03:15 PM (IST)
शिमला, रविंद्र शर्मा। लोकतंत्र के महापर्व में सबकी भागीदारी जरूरी है। शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूत किया जा सकता है। लोकसभा चुनाव में मतदान की प्रतिशतता बढ़ाने के लिए चुनाव आयोग लोगों को जागरूक कर रहा है। लेकिन पिछले 11 लोकसभा चुनाव के दौरान हिमाचल में मतदाताओं की संख्या में तो इजाफा होता रहा मगर मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले लोगों की संख्या में कुछ खास अंतर नहीं आया।
हिमाचल में लोकसभा चुनाव में मतदान का प्रतिशत कभी 66 फीसद के आंकड़े को भी नहीं छू पाया है। इससे जाहिर है कि प्रदेश में लोकसभा चुनाव में मतदान में कुछ मतदाता रुचि नहीं दिखा रहे हैं। प्रदेश
में पिछले 11 लोकसभा चुनाव के दौरान सबसे अधिक मतदान प्रतिशतता वर्ष 1998 में रही। इस दौरान 65.32 फीसद मतदान हुआ था। इसके बाद मतदान का प्रतिशत इससे कम ही रहा।
विधानसभा चुनाव में 74.60 फीसद मतदान
हिमाचल में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान का प्रतिशत अधिक रहता है। वर्ष 2017 में हुए विधानसभा चुनाव में प्रदेश में 74.60 फीसद मतदान हुआ था। यह आंकड़ा लोकसभा चुनाव में अब तक हुए मतदान से कहीं अधिक है।
मतदान में पुरुष पीछे
लोकसभा चुनाव में मतदान करने के मामले में पुरुषों का रुझान कम रहा है। वर्ष 2009 में हुए लोकसभा चुनाव में 58.43 फीसद मतदान हुआ था। कुल पुरुष मतदाताओं में से 57.79 पुरुषों ने मतदान किया था। इस दौरान मतदान करने वालों में महिलाओं की संख्या अधिक थी। महिला मतदाता की कुल संख्या में से
59.09 फीसद महिलाओं ने मताधिकार का प्रयोग किया था। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान 63.52 फीसद पुरुष और 65.44 फीसद महिला मतदाताओं ने मतदान किया था।
एक भी मतदाता न छूटे
चुनाव आयोग ने 17वीं लोकसभा के चुनाव के लिए शत प्रतिशत मतदान का लक्ष्य रखा है। आयोग ने एक भी मतदाता मतदान से न छूटे, इसके लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें