भाजपा ने किया सभी लोकसभा सीटों पर जीत के लिए मंथन, बनाई गई खास रणनीति
हरियाणा भाजपा की लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक हुई। इसमें राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटें जीतने को लेकर मंथन किया गया।
नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। हरियाणा भाजपा ने मंगलवार देर शाम राज्य की दस लोकसभा सीटों पर विजेता उम्मीदवारों के नाम पर विस्तृत चर्चा की। पार्टी की ओर से लोकसभा चुनाव समिति के प्रमुख सदस्यों ने बैठक में सभी सीटों पर कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों के दमखम को सामने रखते हुए भाजपा के संभावित उम्मीदवारों की तुलना की। इस चर्चा में जाति और क्षेत्र को मोदी फैक्टर की वजह से दरकिनार रखा गया।
कांग्रेस के संभावित उम्मीदवारों के मुकाबले भाजपा के विजेताओं के नाम पर हुई चर्चा
पार्टी सूत्र बताते हैं कि अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़, सोनीपत और हिसार की सीटों पर एकदम नए उम्मीदवार भी उतारे जा सकते हैं। हालांकि प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने अभी माना है कि करनाल, कुरुक्षेत्र, सिरसा और हिसार के लिए तो पार्टी नए चेहरों पर विचार कर ही रही है।
बावजूद इसके पार्टी सूत्रों का यह कहना भी है कि इस बार अंबाला से मौजूदा सांसद रतन लाल कटारिया की पत्नी बंतो कटारिया, भाजपा विधायक संतोष सारवान, भाजपा विधायक बलवंत सढौरा, करनाल से केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी, रोहतक से ओमप्रकाश धनखड़, शमशेर सिंह खडख़ड़ा, भिवानी-महेंद्रगढ़ से मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह, भाजपा विधायक डॉ.अभय सिंह, हिसार से नवनिर्वाचित मेयर गौतम सरदाना के नाम पर भी विचार चल रहा है।
हरियाणा भवन में हुई इस बैठक में लोकसभा चुनाव समिति के संयोजक कलराज मिश्र, सहसंयोजक विश्वास सारंग, प्रदेश प्रभारी व राष्ट्रीय महामंत्री डॉ.अनिल जैन, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट, महामंत्री संदीप जोशी, संजय भाटिया और एडवोकेट वेदपाल ने हिस्सा लिया।
गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी भेजे जाएंगे तीन नाम के पैनल
पार्टी सूत्र बताते हैं कि बेशक अभी गुरुग्राम और फरीदाबाद में पार्टी मौजूदा सांसदों के अलावा दूसरे नामों पर चर्चा नहीं कर रही है, मगर बावजूद इसके दोनों सीट पर तीन-तीन नाम के ही पैनल आलाकमान को भेजे जाएंगे। पार्टी के विश्वस्त सूत्र यह भी बताते हैं कि इस बार भाजपा गुरुग्राम के अलावा भिवानी-महेंद्रगढ़ में भी अहीर नेता को आजमा सकती है।
------
'' दस लोकसभा सीटों पर चुनाव लडऩे के लिए इस बार पार्टी के पास कई-कई नेताओं ने चुनाव लड़ने के लिए आवेदन किया है। हमें फिलहाल करनाल, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा में तो एकदम नए उम्मीदवार तलाशने हैं। इस बैठक में हम सभी दस सीटों पर लड़ने वाले संभावित उम्मीदवारों के नाम सहित लोकसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तृत विचार-विमर्श करने के लिए एकत्र हुए।
- सुभाष बराला, अध्यक्ष, हरियाणा भाजपा।