Move to Jagran APP

क्रिकेट की तर्ज पर 'हमीरपुर' का चुनाव, क्या 'अनुराग ठाकुर' लगा पाएंगे जीत का चौका!

हिमाचल के हमीरपुर सीट में क्रिकेट की तर्ज पर चुनाव लड़ा जा रहा है। भाजपा से अनुराग ठाकुर कांग्रेस की लूज बॉल पर चौका लगाने की फिराक में हैं।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sat, 27 Apr 2019 10:25 AM (IST)Updated: Sat, 27 Apr 2019 10:26 AM (IST)
क्रिकेट की तर्ज पर 'हमीरपुर' का चुनाव, क्या 'अनुराग ठाकुर' लगा पाएंगे जीत का चौका!
क्रिकेट की तर्ज पर 'हमीरपुर' का चुनाव, क्या 'अनुराग ठाकुर' लगा पाएंगे जीत का चौका!

हमीरपुर, नीरज आजाद। हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट पर मुकाबला दिलचस्प हो चला है। इस मुकाबले को लोग मानो क्रिकेट मैच की तर्ज पर ले रहे हैं। क्रिकेटिया अंदाज में इसे लेकर बातें होती हैं। भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को नामांकन भरा और इस दौरान उनके समर्थन में भारी भीड़ जुटी। प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा प्रत्याशी अनुराग ठाकुर जीत का चौका लगाएंगे और राम लाल ठाकुर हार का।

loksabha election banner

बता दें कि अनुराग ठाकुर ने जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा से लेकर क्रिकेट और खेल प्रबंधन में बेहतर पारी खेली तो राजनीति के बड़े मैदान में भी बाजी मारी। हमीरपुर का राजनीतिक मैदान एक बार फिर सज चुका है और वार्मअप के बाद खिलाड़ी मैदान में उतर चुके हैं।

क्रिकेट की बेहतर समझ रखने वाले भाजपा के अनुराग ठाकुर लूज बॉल पर चौका लगाने की फिराक में हैं जबकि कांग्रेस के राम लाल ठाकुर चौथी बार मैदान में उतर कर खाता खोलने को बेकरार हैं। दोनों तरफ से जीत के लिए खूब पसीना बहाया जा रहा है। इधर, कांग्रेस ने भी राम लाल ठाकुर के लिए पूरी तरह फील्ड सजा दी है। सुरेश चंदेल के रूप में भाजपा का एक विकेट गिरा कर अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश भी की है।

भाजपा के अन्य कमजोर विकेटों पर भी कांग्रेस की नजर है और उन्हें अपनी फिरकी के जाल में उलझाना चाहती है। कुछ समय पहले भाजपा की टीम में शामिल हुए रमेश डोगरा व कई अन्य के फिर से अपनी पुरानी टीम कांग्रेस में लौटने की अटकलें हैं। लेकिन कांग्रेस टीम की चिंता भी कम नहीं हुई है। अपनी ही टीम के समर्थक उसकी योजना को कमजोर कर रहे हैं। बिलासपुर के जिला अध्यक्ष बंबर ठाकुर के समर्थक सोशल मीडिया पर गुगली फेंक कर टीम प्रबंधन को उलझाए हुए हैं।

भाजपा के कोच यानी पार्टी नेतृत्व अपने खिलाड़ियों को मैदान में डटे रहने के टिप्स दे रहे हैं। इसके साथ ही भाजपा भी कांग्रेस को झटका देने के लिए जुट गई है। प्रमुख कोच यानी पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल बेटे अनुराग ठाकुर की जीत के लिए मजबूत रणनीति बनाए हुए हैं। पूर्व विधायक उर्मिल ठाकुर को भी भाजपा अपनी टीम में लाने की योजना पर जुट गई है। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.