भाजपा ने हर वर्ग के लिए किया काम : अनुराग
सांसद अनुराग ठाकुर ने मोदी सरकार द्वारा पेश अंतरिम बजट 2019 पर सदन में चर्चा करते हुए इस बजट को सभी वर्गों को लाभान्वित करने वाला और देश के विकास को नई दिशा देने वाला बताया।
हमीरपुर, जेएनएन। सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि वित्त मंत्री पीयूष गोयल ने देश के हित में एक ऐतिहासिक बजट पेश किया। जिसका लाभ समाज के सभी वर्गों को मिलेगा। मोदी सरकार ने पिछले चार वर्षों में सबका साथ सबका विकास के मूलमंत्र से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का काम किया है। सरकार की विश्वसनीयता से विपक्षी खेमे में हड़कंप मचा हुआ है और अपना जनाधार जाता देख कर इन्होंने गठबंधन कर रास्ता अपना लिया है।
कर्जमाफी के नाम पर कांग्रेस ने पंजाब, राजस्थान, मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और कर्नाटक के किसानों के साथ धोखा किया है। आज पंजाब के लोग हिमाचल और हरियाणा जाकर पेट्रोल डीजल भरवाते हैं क्योंकि यहां भाजपा की सरकार होने के चलते कीमतें नियंत्रित हैं। जो कांग्रेस पार्टी सारधा चिटफंड घोटाले की बुराई करते है और ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग करते नहीं थकती थी आज वो ममता को गले लगाने के लिए तैयार बैठी है। ये गठबंधन नहीं अपने स्वार्थ को सिद्ध करने के लिए किया गया गठबंधन है। विभिन्न सरकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब को सालाना 15 लाख रुपये की सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है।