Lok Sabha Elections 2019: विजय रूपाणी बोले, देश में मोदी की सुनामी चल रही है
Vijay Rupani in Jaipur. गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि इस बार चुनाव में मोदी की सुनामी चल रही है।
जागरण संवाददाता, जयपुर। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि वे देशभर में झूठ बोल रहे हैं कि कांग्रेस शासित राज्य सरकारों ने किसानों का ऋण माफ कर दिया है। लेकिन जमीनी हकीकत में अभी तक किसानों का ऋण माफ नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में मोदी की सुनामी चल रही है। गुजरात की सभी 26 लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलने वाली पार्टी है। इसके नेता भी झूठ बोलते है। गुरुवार को जयपुर में प्रेसवार्ता में विजय रूपाणी ने कहा कि भाजपा युवाओं को रोजगार, अयोध्या में राममंदिर, किसान को सही दाम देने का काम करेगी। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार में महिलाओं के प्रति अत्याचार बढ़ गए है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में आतंकी गतिविधियां बहुत कम हुई हैं। आतंकवाद एक स्थान पर सिमट कर रह गया है। हमारी पार्टी का मानना है कि सबसे पहले व्यक्ति होता है, व्यक्ति से बड़ा दल होता है। दल से बड़ा देश होता है। पीएम मोदी ने पुलवामा हमले के बाद कठोर कदम उठाया। इसके बाद मसूद अजहर को अंतरराष्ट्रीय आतंकी घोषित कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह सरकार के दस साल के कार्यकाल में जयपुर, दिल्ली, अहमदाबाद, मुंबई हर जगह आतंकी विस्फोट करते रहे। यह मोदी सरकार का ही नेतृत्व है कि आतंकी गतिविधियां एक जगह सिमटकर रह गई हैं। अब लगातार आतंकियों का सफाया हो रहा है।