लोकसभा चुनाव 2019: गौ-गंगा की रक्षा के संकल्प के साथ चुनावी मैदान में गोपालमणी महाराज
कथा वाचक गोपालमणी महाराज भी चुनाव मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने टिहरी लोकसभा सीट से बतौर निर्दलीय पर्चा दाखिल किया है।
देहरादून, जेएनएन। गौ और गंगा की आवाज संसद तक पहुंचाने के लिए कथा वाचक गोपालमणी महाराज भी चुनाव मैदान में उतर गए हैं। उन्होंने टिहरी लोकसभा सीट से बतौर निर्दलीय पर्चा दाखिल किया है। इस दौरान उन्होंने गंगा और गाय का संदेश दुनिया तक पहुंचाने की बात कही।
गोपालमणी महाराज अपनी कथा के माध्यम से गाय और गंगा को लेकर जन जागरूकता अभियान चला रहे हैं। गंगा और गाय पर अधिकार दिए जाने को लेकर वह चुनाव मैदान में आ गए हैं। परेड ग्राउंड से अपने समर्थकों के साथ वह नामांकन कराने पहुंचे। इस दौरान पूर्व कांग्रेस सरकार में पीडीएफ के कोटे से शहरी विकास मंत्री रहे धनोल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार और पूर्व पर्यटन मंत्री दिनेश धनै ने भी उन्हें समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण एक्ट पर दो राज्यों ने आगे आकर संवेदनशीलता दिखाई है। लेकिन संसद में इसे लेकर कोई खास कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी है। उन्होंने कहा कि जनता उनके साथ खड़ी है। जनता का सहयोग मिला तो वह गाय और गंगा की बात संसद में मजबूती से उठाएंगे।
गोपालमणी दो करोड़ की संपत्ति के मालिक
टिहरी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे गोपालमणी महाराज डेढ़ करोड़ के मालिक हैं। यह चल और अचल संपत्ति उनके और पत्नी के नाम दर्ज है। खास बात यह है कि उनके नाम कोई भी वाहन दर्ज नहीं है।
बतौर निर्दलीय प्रत्याशी नामांकन कराने के बाद गोपालमणी महाराज ने भी अपनी आय का शपथपत्र दिया। शपथ पत्र के मुताबिक उनके नाम नकद, बैंक में जमा सोने के रूप में 23 लाख 94 हजार तथा पत्नी के नाम 12 लाख 59 हजार 511 रुपये हैं। गोपालमणी के नाम बादसी और कटखांण, चिन्यालीसौड़ में 54 लाख 61 हजार की कृषि भूमि दर्ज है। जबकि पत्नी के नाम घर और प्लाट हैं। इनकी कीमत 89 लाख, 14 हजार रुपये है।
गोपालमणि महाराज का परिचय
नाम-गोपालमणी
उम्र-57 साल
शिक्षा-एमए साहित्य, आचार्य
गोपालमणि की रैली में 20 हजार खर्च
मोटे अनुमान के अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी गोपालमणि की नामाकंन रैली में करीब 20 हजार रुपये के खर्च का अनुमान है। इसमें प्रचार वाहन समेत विभिन्न तरह की प्रचार सामग्री का खर्च शामिल है।
सीपीआइ के राजेंद्र के पास डेढ़ करोड़
भारत की कम्युनिष्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के टिहरी सीट से प्रत्याशी राजेंद्र पुरोहित ने अपने शपथ पत्र में डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति का ब्योरा दिया है। पुरोहित ने एक करोड़ 25 लाख की कृषि भूमि, मौज कारबारी में 25 लाख कीमत का घर दिखाया है। इसके अलावा पत्नी के नाम तीन तोला सोना है। स्वयं, पत्नी और आश्रितों के पास पांच-पांच हजार, स्वयं के बैंक खातों में 5500 और पत्नी के 40,000 रुपये जमा है। पुरोहित के पास भी अपना वाहन नहीं है। वह स्नातक तक पढ़े हैं।
नाम-राजेंद्र पुरोहित
उम्र-57 साल
शिक्षा-स्नातक
यह भी पढ़ें: Loksabha Election 2019: इतने सौ करोड़ की मालकिन हैं ये भाजपा प्रत्याशी
यह भी पढ़ें: बसपा प्रत्याशी डॉ. अंतरिक्ष सैनी ने किया पहला नामांकन, करोड़ों की धनराशि के हैं मालिक
यह भी पढ़ें: Lok Sabha Election: भाजपा ने पुराने चेहरों पर खेला सुरक्षित दांव