Darbhanga Lok Sabha Election Result 2019 : दरभंगा में खिला कमल, गोपालजी ठाकुर विजयी
ईवीएम की कुल 21 राउंड की गिनती के बाद भाजपा के गोपालजी ठाकुर ने 2 लाख 69 हजार 222 मतों से राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को पछाड़ा।
मुजफ्फरपुर, जेएनएन। दरभंगा लोकसभा सीट से भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इसकी आधिकारिक घोषणा हो गई है। ईवीएम की कुल 21 राउंड की गिनती के बाद भाजपा के गोपालजी ठाकुर ने रिकाॅर्ड 2 लाख 67 हजार 979 मतों से राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को पछाड़ा। इससे पूर्व 1977 में भारतीय लोकदल प्रत्याशी सुरेंद्र झा सुमन ने 2 लाख 12 हजार 2 मतों से जीत दर्ज की थी जो अब तक की सबसे बड़ी जीत थी। गोपाल जी ठाकुर को कुल 5 लाख 86 हजार 668 मत व राजद के अब्दुल बारी सिद्दीकी को 3 लाख 18 हजार 689 वोट मिले।
जिला निर्वाची पदाधिकारी डाॅक्टर त्यागराजन एसएम ने विजेता की घोषणा करते हुए गोपालजी ठाकुर को प्रमाण पत्र दिया। एक साधारण कार्यकर्ता से सांसद तक का सफर तय करने वाले गोपालजी ठाकुर ने अब दरभंगा लोकसभा सीट से सबसे बड़ी जीत अपने नाम दर्ज कर ली है। मतगणना स्थल से राजद कार्यकर्ता नदारद हैं। राजद प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी मतगणना के दौरान पहुंचे ही नहीं। कुल 21 राउंड की गिनती में एक भी राउंड में वे गोपालजी से आगे नहीं बढ़ सके।
पिछले चुनाव के दोनों मुख्य चेहरे कीर्ति आजाद और मो. अली अशरफ फातमी यहां के चुनावी परिदृश्य से गायब थे। भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभा की थी। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत कई बड़े चेहरों ने भी सभा की थी। इधर, महागठबंधन प्रत्याशी अब्दुल बारी सिद्दीकी के पक्ष में तेजस्वी यादव, शरद यादव, उपेंद्र कुशवाहा ने चुनाव प्रचार किया था।
दरभंगा में कुछ छह विधानसभा सीटें हैं। इनमें दरभंगा शहरी, दरभंगा ग्रामीण, बेनीपुर, अलीनगर, गौराबौराम और बहादुरपुर हैं। दरभंगा शहरी, बेनीपुर और गौराबौराम एनडीए के कब्जे में है, जबकि दरभंगा ग्रामीण, अलीनगर और बहादुरपुर राजद के पास है।
2014 के चुनाव की स्थिति
1. कीर्ति आजाद (भाजपा) : तीन लाख 14 हजार 949
2. मो. अली अशरफ फातमी (राजद) : दो लाख 79 हजार 906
3. संजय कुमार झा (जदयू) : एक लाख चार हजार 94
2009 के चुनाव की स्थिति
1. कीर्ति आजाद (भाजपा) : दो लाख 39 हजार 268
2. मो. अली अशरफ फातमी (राजद): एक लाख 92 हजार 815
3. अजय कुमार जालान (कांग्रेस): 40 हजार 724
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप