गहलोत सरकार का मास्टर स्ट्रोक, 2 मार्च को करेगी गोरक्षा सम्मेलन, कांग्रेस विधायक अपने कोष से देंगे मदद
लोकसभा चुनाव से पहले गहलोत सरकार भाजपा को घेरने के लिए एक और मास्टर स्ट्रोक लगाने की तैयारी में है। यह मास्टर स्ट्रोक 2 मार्च को जयपुर में आयोजित होने वाला गोरक्षा सम्मेलन है।
जयपुर, जेएनएन। अब तक भाजपा पर गाय के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाती रही कांग्रेस और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद प्रदेश में गोरक्षा सम्मेलन का आयोजन करेगी। इसके साथ ही कांग्रेस विधायक अपने विधायक कोष से गौशालाओं को सहायता देंगे। लोकसभा चुनाव से पहले प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार भाजपा को घेरने के लिए एक और मास्टर स्ट्रोक लगाने की तैयारी में है। गहलोत सरकार का यह मास्टर स्ट्रोक 2 मार्च को जयपुर में आयोजित होने वाला गोरक्षा सम्मेलन है। गोरक्षा सम्मेलन जयपुर के सीतापुरा स्थित जेईसीसी में आयोजित होगा।
प्रदेश में पहली बार सरकार करा रही सम्मेलन
प्रदेश में पहली बार सरकारी स्तर पर गोरक्षा सम्मलेन का आयोजन किया जा रहा है इसके लिए गोपालन विभाग की ओर से दो दिन से तैयारियां की जा रही है। गोपालन मंत्री प्रमोद जैन की देखरेख में तैयारियां की जा रही है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत गोरक्षा सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में प्रदेशभर की गोशालाओं से दो-दो प्रतिनिधि शामिल होंगे।
प्रदेशभर में 2673 रजिस्टर्ड गोशालाएं है। सम्मेलन में गोशालाओं के प्रतिनिधि गायों के सरंक्षण और संवर्धन से जुड़े सुझाव देंगे। इस सम्मेलन में सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण घोषणा किए जाने की भी संभावना है।उल्लेखनीय है कि पिछली वसुंधरा राजे सरकार ने देश में पहली बार प्रदेश में अलग से गोपालन मंत्रालय बनाकर राज्यमंत्री को इसका स्वतंत्र प्रभार दिया था।
अब गहलोत सरकार ने भी इस मंत्रालय को बरकरार रखा और केबिनेट मंत्री प्रमोद जैन को इसका प्रभार दिया।गहलोत अब तक भाजपा पर गाय के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाते रहे है,लेकिन इस बार सत्ता संभालते ही उनका रूख बदला हुआ नजर आ रहा है। पहले गौशालाओं को मिलने वाले अनुदान में बढ़ोतरी की और फिर गौशालाओं के लिए जमीन आवंटन के नियम सरल किए और अब सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।