Move to Jagran APP

Lok Sabha Election 2019 Phase 4: झारखंड में लोकतंत्र की जयकार, जबर्दस्‍त वोटिंग

Lok Sabha Election 2019 Phase 4. लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में झारखंड की चतरा पलामू और लोहरदगा में 64.31 फीसद वोटिंग हुई। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया।

By Alok ShahiEdited By: Published: Mon, 29 Apr 2019 05:16 AM (IST)Updated: Mon, 29 Apr 2019 06:55 PM (IST)
Lok Sabha Election 2019 Phase 4: झारखंड में लोकतंत्र की जयकार, जबर्दस्‍त वोटिंग
Lok Sabha Election 2019 Phase 4: झारखंड में लोकतंत्र की जयकार, जबर्दस्‍त वोटिंग

रांची, राज्य ब्यूरो। Lok Sabha Election 2019 Phase 4 - झारखंड की तीन लोकसभा सीटों पलामू, लोहरदगा और चतरा में सोमवार को मतदान संपन्न हो गया। नक्सलियों के साये से दूर जबर्दस्त मतदान हुआ। घोर नक्सल इलाका, भीषण गर्मी के बावजूद राज्य में 64.31 फीसद वोटिंग हुई। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह देखा गया। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ लगनी शुरू हो गई थी।

prime article banner

कड़ी धूप के बावजूद लोग कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। कई जगहों पर लंबी-लंबी कतारें लगी हुई थी। पहली बार वोट डालने वाले युवाओं में मतदान को लेकर काफी जोश देखा गया। कहीं-कहीं मतदाताओं को फूल देकर सम्मानित किया गया। कहीं प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया। मतदाताओं को लुभाने के लिए मॉडल बूथ और सखी बूथ भी बनाए गए थे।

मताधिकार का प्रयोग करने के बाद अपनी उंगली पर लगी स्‍याही दिखाते केंद्रीय मंत्री सुदर्शन भगत।

पलामू में सबसे अधिक वोट पड़े हैं। 2014 में इस लोकसभा क्षेत्र में 59.3 फीसद वोट पड़े थे, इस बार 64.5 फीसद मतदान हुआ। इसी तरह चतरा में 54.3 फीसद के मुकाबले इस वर्ष 62.6 फीसद वोटिंग हुई। लोहरदगा में 58.2 फीसद के मुकाबले इस वर्ष 63.6 फीसद लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इन क्षेत्रों में मतदान बढऩे की बड़ी वजह दैनिक जागरण की मानव श्रृंखला रही।

मतदाताओं की जागरुकता बढ़ाने के उद्देश्य दैनिक जागरण ने राज्य के सभी जिलों में मानव श्रृंखला का आयोजन किया था। स्कूली बच्चों और विभिन्न संस्थाओं के लोगों ने इस दिन संकल्प लिया था कि वे वोट जरूर करेंगे और करवाएंगे। इसका असर है कि पिछली बार इन सीटों पर 57.32 फीसद के मुकाबले शाम पांच बजे तक 64.31 फीसद मतदान हुआ है। कहीं से बड़ी हिंसा या तोडफ़ोड़ की सूचना नहीं है। मतदान शांतिपूर्ण हुआ।

इन तीन सीटों पर लोहरदगा से भाजपा के सुदर्शन भगत, महागठबंधन से कांग्रेस के सुखदेव भगत, पलामू से भाजपा के वीडी राम और महागठबंधन से राजद के घूरन राम तो चतरा से भाजपा के सुनील सिंह, कांग्रेस से मनोज यादव और राजद से सुभाष यादव जैसे उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में लॉक हो गई। इस दौरान कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम की गड़बड़ी के कारण मतदान शुरू होने में विलंब भी हुआ। कुछ केंद्रों पर मतदान के नियत समय से पहले ही बड़ी संख्‍या में मतदाता वोट डालने पहुंच गए। 

इधर, चतरा के हंटरगंज प्रखंड के मतदान केंद्र संख्या 124 एवं 125 पर मतदाताओं ने ईवीएम खराब होने पर हंगामा किया। मतदान केंद्र उत्क्रमित उच्च विद्यालय घाघरी पर हंगामा के कारण मतदान रोक दिया गया है। यहां महिला मतदाताओं ने मतदान केंद्र पर ताला जड़ दिया। चतरा सदर प्रखंड के डहुरी गांव में मतदान केंद्र संख्या 348 का ईवीएम खराब हो जाने से एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। बाद में यहां ईवीएम बदलकर वोटिंग कराई गई।

चुनाव आयोग की ओर से कंट्रोल रूम में वेबकास्टिंग के माध्यम से मतदान केंद्रों पर ऑनलाइन सीधी निगरानी रखी जा रही थी। पलामू, चतरा और लोहरदगा संसदीय सीटों के संवेदनशील और अति संवेदनशील 621 मतदान केंद्रों की सारी गतिविधियों पर नजर रखी गई। निर्वाचन आयोग और जिला निर्वाची पदाधिकारी के कार्यालयों में यह व्यवस्था की गई थी।

इधर पलामू के नक्सल प्रभावित क्षेत्र जागोडीह में पहली बार मतदान हुआ। यहां पूरे उत्‍साह से वोटराेें ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रांची से सटे लोहरदगा के मांडर, लापुंग, चान्‍हो आदि इलाके में भी वोटरों में मतदान के लिए जबर्दस्‍त उत्‍साह देखा गया। सभी बूथों पर लंबी कतारें लगी रहीं।

 

राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू वोट देने के लिए लाइन में लगे । 

कैरो के आदर्श मतदान केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार करते वोटर।

लोहरदगा के कैमो महुआटोली पोलिंग बूथ पर वोट देने के लिए नियत समय से पहले ही मतदाताओं की भीड़ लगनी शुरू हो गई।  

मतदान केंद्र पर वोट देने पहुंचा दिव्‍यांग मतदाता।

सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक मतदान
लोकसभा चुनाव के तहत झारखंड में पहले चरण की तीन सीटों पलामू, चतरा तथा लोहरदगा की सभी 6,072 बूथों पर पोलिंग पार्टिंयाेें ने मतदान करवाया। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी एल खियांग्ते ने बताया कि जिन बूथों पर मतदान हुआ, उनमें से 2092 अति संवेदनशील, 2710 संवेदनशील जबकि 113 क्रिटिकल हैं। सुरक्षा कारणों से उम्मीदवारों की सहमति से संबंधित क्षेत्रों के 132 बूथों के स्थल में परिवर्तन किया गया। इनमें गुमला के 37, लातेहार के 67, लोहरदगा के 10, गढ़वा के 11 और चतरा के सात बूथ शामिल हैं।

बता दें कि तीनों सीटों पर कुल 59 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। इनमें पलामू में दो महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं। चतरा तथा लोहरदगा में एक भी महिला उम्मीदवार नहीं है। जिन 6,072 बूथों पर वोट डाले गए, उनमें 307 शहरी तथा 5,765 ग्रामीण क्षेत्रों के बूथ हैं। 489 मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग के माध्यम से कड़ी निगरानी भी रखी गई। 

इन तीनों सीटों पर 45,26,693 मतदाताओं नेे अपने मताधिकार का उपयोग किया। इनमें 76,835 नए मतदाता शामिल (18-19 वर्ष) हैं। चुनाव में कुल 25,727 चुनाव कर्मी लगाए गए। चतरा में 9,812, लोहरदगा में 7,005 तथा पलामू में 8,910 चुनाव कर्मी लगाए गए।

इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
- केंद्रीय राज्य मंत्री सुदर्शन भगत
- सांसद वीडी राम
- सांसद सुनील कुमार सिंह
- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सह विधायक सुखदेव भगत
- विधायक मनोज कुमार यादव 

कहां कितने उम्मीदवार
 चतरा : 26, पलामू : 19 तथा लोहरदगा : 14

अर्धसैनिक बल की 200, झारखंड पुलिस की 300 कंपनियां तैनात

मतदान के दौरान सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई थी। इस कार्य में अर्धसैनिक बलों की 200 और झारखंड पुलिस की 300 कंपनियों को लगाया गया है। इनमें जैप, कोबरा और जगुआर भी शामिल हैं। 4500 होमगार्ड की भी तैनाती की गई थी। सुरक्षा बलों में तीन हजार महिला पुलिसकर्मी भी शामिल थीं।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.