सहवाग ने कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा की खत्म कर दी टेंशन, ट्वीट कर दी यह बड़ी खबर
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के रास्ते का कांटा निकल गया है। सहवाग ने ट्वीटर चुनाव न लड़ने की बात लिखी है।
जेएनएन, चंडीगढ़। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा के रास्ते का कांटा निकल गया है। पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने शुक्रवार को इससे साफ इन्कार कर दिया कि वह 2019 का लोकसभा चुनाव लड़ने जा रहे हैं। सहवाग ने ट्वीट कर कहा कि ऐसी सूचनाएं पिछले लोकसभा चुनाव में भी सामने आई थी और अब फिर चुनाव लडऩे की अटकलें लगाई जा रही हैैं, जिनमें कोई दम नहीं है।
वीरेंद्र सहवाग रोहतक लोकसभा सीट से भाजपा के मजबूत दावेदारों में शामिल हैं। इस सीट पर कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ और विधायक नरेश कौशिक के नाम भी चर्चा में हैं। हालांकि सहवाग अभी तक विधिवत रूप से भाजपा में शामिल नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस के कद्दावर नेता दीपेंद्र हुड्डा के मुकाबले पार्टी उन्हें चुनाव मैदान में उतारने का मन बना चुकी थी।
एनसीआर और दिल्ली में भाजपा की राजनीति करने वाले एक वरिष्ठ नेता को वीरेंद्र सहवाग तक यह प्रस्ताव भेजने के लिए अधिकृत किया गया, लेकिन वीरेंद्र सहवाग ने शुक्रवार को ट्वीट कर इस बात से इन्कार कर दिया कि वे लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।
वीरेंद्र सहवाग ने 2014 और 2019 की सूचनाओं को टैग करते हुए कहा है कि पिछली बार भी इस तरह के दावे किए गए थे कि मैं लोकसभा चुनाव लड़ने वाला हूं, मगर ऐसा नहीं हुआ। इस बार भी कहा जा रहा है कि मैं 2019 का चुनाव लडूंगा, लेकिन इन सूचनाओं में कोई दम नहीं है। मैं बार-बार कह रहा हूं कि मैं तब भी (2014 में) चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं था और अब भी (2019) चुनाव लड़ने का इच्छुक नहीं हूं।
दरअसल, रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा भाजपा के लिए बड़ी चुनौती हैं। दीपेंद्र 2014 के चुनाव में मोदी लहर के बावजूद यहां से चुनाव जीत गए थे। उनकी जीत के बाद से भाजपा का पूरा फोकस रोहतक लोकसभा सीट जीतने पर है। भाजपा के एजेंडे में यह सीट टाप पर है।