Lok Sabha Election 2019 : पार्टी की उपेक्षा से छलका प्रदीप बलमुचू का दर्द
Lok Sabha Election 2019. झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू विपक्षी महागठबंधन में उपेक्षा से आहत हैं। उनका दर्द कुछ इस तरह छलका।
घाटशिला(पूर्वी सिंहभूम), जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019 झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने कहा कि महागठबंधन भाजपा को हराने के लिए बना है। इसके तहत जमशेदपुर सीट पर महागठबंधन के प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें महागठबंधन की बैठकों की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा- वैसे मैंने अपने कार्यकर्ताओं को कहा है कि चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी की जीत को हर हाल में सुनिश्चित करें। कार्यकर्ता पूरी ईमानदारी के साथ गठबंधन धर्म का पालन करें।
डॉ. बलमुचू ने कहा कि भाजपा को रोकने के लिए महागठबंधन के सभी नेताओं को एकसाथ मिलकर रणनीति बनानी होगी। तभी भाजपा को जवाब दे सकते हैं। यदि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच दूरी बनी रहेगी तो भाजपा को इसका फायदा होगा। जनता भाजपा के झूठे वादों को समझ चुकी हैं। मालूम हो कि पिछले दिनों जमशेदपुर में महागठबंधन के नेताओं का जुटान हुआ था। इसमें डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू कहीं नजर नहीं आए थे। घाटशिला में भी जब महागठबंधन के तहत चुनाव लड़ रहे झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन पहली बार पहुंचे तो कांग्रेस का कोई नेता नहीं पहुंचा था।