Lok Sabha Election 2019 : विपक्षी महागठबंधन में नहीं चल रहा सब ठीक ठाक, बलमुचू ने दोहराई ये बात
Lok Sabha Election 2019. प्रदीप बलमुचू ने कहा है कि जब महागठबंधन है तो प्रत्याशी की यह जिम्मेदारी होती है कि सहयोगी दलों के लोगों को भी साथ में लेकर चले।
घाटशिला(पूर्वी सिंहभूम),जेएनएन। विपक्षी गठबंधन में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू ने कहा कि गठबंधन की रणनीति तय करने से लेकर प्रचार तक में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। जबकि पार्टी कार्यकर्ता तन-मन-धन से गठबंधन के प्रत्याशी की जीत के लिए तैयार बैठे हैं। ऐसे में वे चुनावी रणनीति से संतुष्ट नहीं हैं।
जागरण से बात करते हुए उन्होंने कहा कि सभी दलों के कार्यकर्ताओं साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी प्रत्याशी की है। यह चंपई सोरेन पर निर्भर करता है कि वे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कैसे उपयोग करते हैं। बलमुचू ने कहा जमशेदपुर संसदीय सीट जीतना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। इसके लिए महागठबंधन की बैठकों में लगातार रणनीति बनाई जा रही है, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं को शामिल नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महागठबंधन के प्रत्याशी चंपई सोरेन से मुलाकात हुई थी। सभी घटकों को विश्वास में लेने की बात हुई थी, जो धरातल पर नहीं दिख रहा है। बलमुचू ने कहा कि प्रत्याशी झारखंड मुक्ति मोर्चा के है तो स्वभाविक है की आप जेएमएम के लोगों को लेकर चलेंगे। मगर जब महागठबंधन है तो प्रत्याशी की यह जिम्मेदारी होती है कि ाकि दलों के लोगों को भी साथ में लेकर चले। इसमें हमे थोड़ी कमी महसूस हो रही है।
ये थे मौजूद
इससे पहले उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि काल्टू चक्रवर्ती, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष करुणा कर महतो, सत्यजीत सीट, शंकर बेहरा, गोपाल शर्मा, अब्दूल गफ्फार, कन्हैया शर्मा समेत अन्य कांग्रेस नेता मौजूद थे।
बोले प्रदीप
- प्रत्याशी की जिम्मेदारी है, सभी दलों के कार्यकर्ताओं साथ लेकर चलने की
- कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कैसे उपयोग करते हैं, यह चंपई पर निर्भर
- जमशेदपुर सीट जीतना जरूरी, लेकिन तैयारी से संतुष्ट नहीं