Lok Sabha Election 2019: नक्सली इलाके में नेताओं को छोड़ कर लौटा हेलीकॉप्टर
Lok Sabha Election 2019. मनोज यादव के लिए सभा को संबोधित करने गए चारों नेता निजी गाड़ी का इंतजाम कर देर रात सड़क मार्ग से रांची लौटे।
लातेहार, जासं। Lok Sabha Election 2019 - चतरा के नक्सल प्रभावित महुआडांड में कांग्रेस के स्टार प्रचारक सांसद धीरज साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू, पूर्व मंत्री फुरकान अंसारी और जेवीएम महासचिव बंधु तिर्की को छोड़कर हेलीकॉप्टर रवाना हो गया। अंतत: किसी तरह एक स्कॉर्पिओ का इंतजाम कर चारों महुआडांड़-नेतरहाट के रास्ते घाघरा होते हुए लोहरदगा पहुंचे और चैन की सांस ली। यहां खाना खाने के बाद चारों रात में बेड़ो के रास्ते रांची पहुंचे।
ये चतरा से महागठबंधन के उम्मीदवार कांग्रेस के मनोज यादव के पक्ष में चुनावी सभा करने आवासीय विद्यालय मैदान महुआडांड़ गए थे। कांग्रेस सांसद धीरज साहू ने बताया कि सुरक्षा के अभाव में हेलीकॉप्टर निर्धारित समय से पहले रवाना हो गया। हेलीकॉप्टर चालक ने कहा था कि 25 मिनट में सभा समाप्त कर लौट आएं। समय खत्म हो रहा है। जहां हेलीकॉप्टर था प्रशासन की ओर से कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था।
स्कूली बच्चे जिज्ञासा में हेलीकॉप्टर छू रहे थे। इस बीच देखा कि हेलीकाप्टर का पंखा नाचने लगा। पांच मिनट अभी समय था और हेलीकॉप्टर उड़ गया। इसी बीच दो-तीन सुरक्षाकर्मी पहुंचे जिन्हें पायलट हमारा बैग सौंपकर उड़ गया। मुख्यालय कंट्रोल रूम में संपर्क करने पर मालूम हुआ कि हेलीकॉप्टर उतरेगा। मगर हम इंतजार करते रहे। सूरज डूब रहा था। अंतत: किसी तरह निजी वाहन का इंतजाम कर वापस लौटे।
उन्होंने प्रशासन को सुरक्षा में लापरवाही के लिए जिम्मेदार ठहराया है। कहा कि सुरक्षा में चूक से बड़ी घटना घट सकती थी। कहा कि शुक्रवार को छतरपुर, गढ़वा सहित पांच सभाएं कीं। सभी जगह सुरक्षा के इंतजाम थे। सभा को लेकर लातेहार में भी प्रशासन को सूचित किया गया था मगर सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था नहीं की गई थी।