Loksabha Election 2019 : प्रियंका का स्वागत करना पड़ा महंगा, पूर्व मंत्री सहित 105 पर मुकदमा
एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आई थी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव देर रात स्वागत के गौरीगंज व जायस में खड़े थे कार्यकर्ता। आदर्श आचार संहिता के उल्लघंन पर हुई कार्रवाई।
अमेठी, जेएनएन। कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा का देर रात स्वागत करना पूर्व मंत्री सहित कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। उडऩ दस्ता मजिस्ट्रेटों की तहरीर पर 14 नामजद सहित 105 अज्ञात लोगों के खिलाफ गौरीगंज व जायस कोतवाली में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी आई थी। देर रात साढ़े ग्यारह बजे वह मुसाफिरखाना में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक समाप्त कर रायबरेली जिले के भुएमऊ गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम के लिए जा रही थी। रास्ते में गौरीगंज के बनी गांव के पास कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी फतेह बहादुर व उनके समर्थन स्वागत में खड़े थे। उडऩ दस्ता टीम भी भ्रमण पर थी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट विश्वजीत के अनुसार पूर्व प्रत्याशी फतेह बहादुर व कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा लिए थे और नारेबाजी कर रहे थे। ये आचार संहिता के उल्लंघन में आता है।
गौरीगंज एसओ प्रमोद ने बताया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तहरीर पर फतेह बहादुर सहित चालीस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं जायस में पार्टी महासचिव के स्वागत को देर रात पूर्व मंत्री व कांग्रेस नेता नदीम असरफ जायसी, मो. शकील, गुडडू, कलीम, मेराज, राजू सोनी, हाजी तनवीर सहित दर्जनों कार्यकर्ता खड़े थे। स्टेटिक मजिस्ट्रेट महेंद्र सिंह का कहना है सभी के द्वारा धारा 144 उल्लंघन किया गया और रात में हाथ में पार्टी का झंडा व तख्तियां लेकर नारेबाजी की गई। सभी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन की तहरीर कोतवाली में दी गई है। एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया पूर्व मंत्री सहित 13 नामजद व 65 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।